नई दिल्ली  : मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी रविवार को लॉकडाउन का ऐलान हो गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, रविवार को पूरा प्रदेश बंद रहेगा। इस दौरान केवल इमरजेंसी सेवाएं ही जारी रहेंगी। लॉकडाउन के दौरान हर जिलों में बड़े पैमाने पर सैनिटाइजेशन का काम होगा। इसके साथ ही योगी सरकार ने मास्क नहीं लगाने वालों पर भी सख्ती बढ़ाई गई है। मास्क नहीं पहनने पर पहली बार में 1,000 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा, जबकि दूसरी बार नियम तोड़ा तो 10 हजार रुपए देने होंगे।

Coronavirus Strict in lockdown in Uttar Pradesh 5000 people challaned for  not wearing masksउधर, रेमडेसिविर बनाने वाली देश की बड़ी फार्मा कंपनी डॉ. रेड्‌डीज ने बताया कि अभी रेमडेसिविर इंजेक्शन आउट ऑफ स्टॉक है। इसके उत्पादन को बढ़ाने पर पूरा फोकस है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी कहा कि रेमडेसिविर इंजेक्शन तैयार करने वाली सभी फार्मा कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि दवाइयों और इंजेक्शन का ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि वह शनिवार को देश के उन सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे, जहां कोरोना के मामलों में ज्यादा इजाफा हो रहा है। सोमवार को देश के सभी एम्स हॉस्पिटल के डायरेक्टर्स की बैठक होगी। इसमें एम्स में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कहा जाएगा।

12 राज्यों में ऑक्सीजन का संकट
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच, देश के 12 राज्यों में मेडिकल ऑक्सीजन का संकट गहराता जा रहा है। ऑक्सीजन की कमी के चलते लोग दम तोड़ते जा रहे हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए केंद्र सरकार की एम्पॉवर्ड ग्रुप (EG2) ने इमरजेंसी मीटिंग की। मेडिकल इक्यूपमेंट्स की कमी समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। तय हुआ कि 50 हजार मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन दूसरे देशों से आयात कराया जाएगा। सबसे ज्यादा ऑक्सीजन की कमी महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात, यूपी, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में हैं।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.16 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौत: 1,182
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.17 लाख
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.42 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 1.25 करोड़
  • अब तक कुल मौत: 1.74 लाख

अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 15.63 लाख

24 घंटे में रिकॉर्ड 2.16 लाख मरीज मिले

बहुत बुरी खबर है। देश में कोरोनावायरस से लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में रिकॉर्ड 2 लाख 16 हजार 642 लोग संक्रमित पाए गए हैं। पिछले साल संक्रमण की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में मिले संक्रमितों का ये आंकड़ा सबसे बड़ा है। इस दौरान 1 लाख 17 हजार 825 लोग ठीक भी हुए, जबकि 1182 मरीजों ने दम तोड़ दिया।

भारत में एक्टिव केस की संख्या भी 15 लाख के पार हो गई है। अब यहां 15 लाख 63 हजार 588 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। देश में कोरोना के कहर का अंदाजा आप इस बात से भी लगा सकते हैं कि दुनिया के टॉप-20 संक्रमित शहरों की सूची में भारत के 15 शहर शामिल हैं। पुणे इस सूची में टॉप पर है तो मुंबई दूसरे नंबर पर है। आलम ये है कि देश के करीब 120 जिलों में बेड, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर जैसी जरूरी सुविधाओं का टोटा पड़ गया है।

चंडीगढ़ में फैला कोरोना का UK वैरिएंट

चंडीगढ़ के PGIMER हॉस्पिटल ने कोरोना से संक्रमित 60 मरीजों का सैंपल नेशनल सेंटर फॉर डिजिज कंट्रोल में जांच के लिए भेजा था। इसमें 70% सैंपल UK वैरिएंट है। इसके अलावा एक सैंपल में वायरस का डबल म्यूटेशन मिला है और 20% लोगों में 681H म्यूटेंट मिला है।

महाराष्ट्र, यूपी, दिल्ली, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा मरीज मिले

गुरुवार को देश में सबसे ज्यादा 61,695 नए मरीजों की पहचान महाराष्ट्र में हुई। दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश रहा। यहां 22,339 लोग संक्रमित पाए गए। दिल्ली में 16,699, छत्तीसगढ़ में 15,256, कर्नाटक में 14,738 और मध्यप्रदेश में 10,166 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

कोरोना अपडेट्स

  • कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की तबियत खराब होने पर बेंगलुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो दिन से उन्हें बुखार आ रहा है। कोरोना की जांच भी हो चुकी है, लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आई है। एक बार फिर से डॉक्टर्स ने उनका सैंपल लिया है।
  • केंद्रीय परिवहन राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। मंत्रालय में कई लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
  • डिफेंस मिनिस्टर राजनाथ सिंह के आदेश पर DRDO की एक टीम शुक्रवार को लखनऊ पहुंची। ये टीम यहां के दो कोविड हॉस्पिटल्स में 500 से 600 बेड्स को बढ़ाने का काम करेगी।
  • कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, रणदीप सुरजेवाला और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। तीनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी दी। दिग्विजय सिंह ने बताया कि वह दिल्ली स्थित अपने आवास पर ही आइसोलेशन में हैं। हरसिमरत कौर ने भी होम क्वारैंटाइन रहने का फैसला लिया है।
  • CBI के पूर्व डायरेक्टर रंजीत सिन्हा (68) का कोरोना से निधन हो गया है। सिन्हा 974 बैच के IPS अफसर थे। गुरुवार को ही वे संक्रमित पाए गए थे।
  • कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (पोस्ट ग्रेजुएट एग्जाम) टाल दिया है। यह परीक्षा 18 अप्रैल को होनी थी। इसकी अगली तारीख बाद में तय की जाएगी। इससे पहले बुधवार को CBSE ने 12वीं की परीक्षा टाल दी थी।
  • केंद्र सरकार ने आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) के तहत आने वाले सभी मॉन्यूमेंट्स, साइट्स और म्यूजियम 15 मई तक के लिए बंद कर दिए हैं।
  • CBSE के बाद अब उत्तर प्रदेश, झारखंड, गुजरात और हरियाणा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। उत्तर प्रदेश में अब 20 मई के बाद ही परीक्षाएं होने की संभावना है। यहां विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं और कक्षाओं को भी 15 मई तक टाल दिया गया है। क्लास 1 से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूल भी 15 मई तक बंद रहेंगे।
  • गुजरात सरकार की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक, अब 15 मई के बाद हालात का जायजा लेकर एग्जाम की नई डेटशीट जारी की जाएगी। सरकार ने क्लास 1 से लेकर 9वीं तक और 11वीं के स्टूडेंट्स को बगैर परीक्षा के प्रमोट करने का भी फैसला लिया है।
  • हरियाणा सरकार ने 10वीं के स्टूडेंट्स को बगैर परीक्षा प्रमोट करने का फैसला लिया है। 12वीं के स्टूडेंट्स के एग्जाम के लिए बाद में डेटशीट जारी की जाएगी। पंजाब सरकार ने 5वीं, 8वीं और 10वीं के स्टूडेंट्स को बगैर परीक्षा के प्रमोट करने का ऐलान किया है।
  • पश्चिम बंगाल में लेफ्ट पार्टियों ने अच्छा फैसला लिया है। कोरोना को देखते हुए पार्टी ने आने वाले तीन चरणों के चुनाव में कोई भी बड़ी रैली न करने का ऐलान किया है। पार्टी के नेताओं ने कहा कि अब वे डोर टू डोर कैंपेन शुरू करेंगे। इसके अलावा ऑनलाइन तरीकों से भी प्रचार किया जाएगा। इससे कोरोना फैलने से रोका जा सकेगा।
  • IIT- रूड़की के कैंपस में बने क्वारैंटाइन सेंटर में बुधवार रात एक छात्र की मौत हो गई। उसकी टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई थी। मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। 23 साल का यह एमटेक स्टूडेंट चंडीगढ़ का रहने वाला था। गढ़वाल डिविजन के कमिश्नर रविनाथ रमन ने कहा कि छात्र की RT-PCR टेस्ट रिपोर्ट हाल ही में निगेटिव आई थी। IIT-रूड़की के 89 छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद यहां के अधिकारियों ने कैंपस में तीन बिल्डिंग को कंटेंनमेंट जोन घोषित कर दिया है।
  • PGIMER, चंडीगढ़ के डायरेक्टर प्रो. जगत राम ने बताया कि नेशनल सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल (NCDC) को भेजे गए नमूनों में से 70% में कोरोना का UK वैरिएंट था। 20% नमूनों में वायरस के 681 एच म्यूटेंट मिले।
  • महाराष्ट्र के CMO ने बताया कि भारत बायोटेक के कोवैक्सिन का प्रोडक्शन मुंबई में भी होगा। केंद्र सरकार ने हाॅफकीन इंस्टीट्यूट को टेक्नोलॉजी ट्रांसफर के आधार पर इसकी मंजूरी दी है।
  • जम्मू-कश्मीर में कोरोना की वजह से 10वीं की परीक्षा रद्द कर दी गई है। छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर 11वीं में प्रमोट किया जाएगा। 12वीं की परीक्षाएं अभी टाल दी गई हैं।
  • केरल के कृषि मंत्री वीएस सुनील कुमार 7 महीने में दूसरी बार कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। गुरुवार को उन्होंने इसकी जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *