नई दिल्ली, एजेंसी : राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास तकरीबन 2.29 करोड़ से अधिक और अप्रयुक्त कोविड-19 वैक्सीन की खुराक अभी भी उपलब्ध हैं। इस बात की जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार दी। मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक 51.66 करोड़ (51,66,13,680) वैक्सीन की खुराक सभी स्रोतों के माध्यम से प्रदान की जा चुकी है। वहीं 55,52,070 खुराक पाइपलाइन में है।

अभी तक 49.74 करोड़ खुराक का हुआ है इस्तेमाल

मंत्रालय ने बताया कि इन कुल खुराक में से अपव्यय सहित कुल खपत तकरीबन (शनिवार को सुबह उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार) 49,74,90,815 खुराक की हुई है। 2.29 करोड़ (2,29,36,394) से अधिक शेष और अप्रयुक्त काेविड-19 वैक्सीन खुराक अभी भी राज्यों,  केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास उपलब्ध हैं।

इस वजह से टीकाकरण अभियान में आई तेजी

मंत्रालय ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार टीकाकरण की गति में तेजी लाने और पूरे देश में कोविड-19 टीकाकरण के दायरे का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। कोविड-19 टीकाकरण नया चरण 21 जून से शुरू हुआ था। अधिक टीकों की उपलब्धता, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा टीकाकरण की योजना तैयार करने के लिए पूर्व में वैक्सीन की उपलब्धता और वैक्सीन आपूर्ति श्रृंखला को सुव्यवस्थित करने के माध्यम से टीकाकरण अभियान को तेज किया गया है।

कुल उत्पादित टीकों में से 75 फीसदी की करेगी खरीदी

राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के हिस्से के रूप में, भारत सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त में कोविड-19 टीके उपलब्ध कराकर उनका समर्थन कर रही है। मंत्रालय के अनुसार, COVID-19 टीकाकरण अभियान के नए चरण में, केंद्र सरकार देश में वैक्सीन निर्माताओं द्वारा उत्पादित किए जा रहे 75 फीसदी टीकों की खरीद और आपूर्ति (मुफ्त) करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *