नई दिल्ली : सरकार के प्रिंसिपल साइंटिफिक एडवाइजर विजय राघवन का कहना है कि यदि हम मजबूत उपाय करते हैं, तो हो सकता है कि कोरोना की तीसरी लहर सभी जगहों पर न आए या कहीं न आए। यह बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि लोकल लेवल पर, राज्यों में, जिलों में और शहरों में गाइडलाइंस कितनी प्रभावी ढंग से लागू होती हैं। वे शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे।
राघवन ने बुधवार को देश में तीसरी लहर आने की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि कोरोना की तीसरी लहर भी जरूर आएगी। वायरस का संक्रमण अपने सबसे ऊंचे लेवल पर है। अभी यह तय नहीं है कि तीसरी लहर कब आएगी और कितनी खतरनाक होगी, लेकिन हमें नई लहर के लिए तैयार रहना होगा।
9 राज्यों में बढ़ रहे केस
वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव आरती आहूजा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा, उड़ीसा और उत्तराखंड में कोरोना के नए मामले बढ़ रहे हैं।
देश में 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 15% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है। 9 राज्यों में 5 से 15% और 3 राज्यों में 5% से कम पॉजिटिविटी रेट है। 12 राज्यों में 1 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। देश में 16.96% एक्टिव केस हैं। लगभग 82% रिकवर हो चुके हैं। डेथ रेट महज 1.09% है।
दिल्ली में लगातार कम हो रहे केस
दिल्ली में शुक्रवार को 19,832 नए केस सामने आए हैं। पिछले 5 दिन में यह चौथा मौका है, जब दिल्ली में 20 हजार से कम केस आए हैं। बीते 24 घंटे में यहां 19,085 मरीज रिकवर हुए। 341 की मौत हो गई। अब यहां करीब 13 लाख केस हो चुके हैं। इनमें 91 हजार एक्टिव हैं।
देश में बीते 24 घंटे में 4.14 लाख मरीज मिले
देश में कोरोना के नए केस ने फिर नया रिकॉर्ड बना दिया है। बीते 24 घंटे में 4.14 लाख संक्रमितों की पहचान हुई। नए केस का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। 3,920 मरीजों ने इस महामारी से जान गंवाई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि 3.28 लाख मरीज ठीक भी हो गए। बीते सात दिन में यह तीसरा मौका है जब 4 लाख से ज्यादा मरीज मिले। इससे पहले 30 अप्रैल को 4.02 लाख और 5 मई को 4.12 लाख मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या भी चिंता बढ़ा रही है। इसमें बीते 24 घंटे में 81,663 की बढ़ोतरी हुई है। अभी 36.44 लाख संक्रमितों का इलाज चल रहा है। बीते 7 दिन के अंदर ही इसमें 3.80 लाख की बढ़ोतरी हुई है। कुल एक्टिव केसों में 27 लाख सिर्फ 10 राज्यों के हैं।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 4.14 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,920
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.28 लाख
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.14 करोड़
अब तक ठीक हुए: 1.76 करोड़
अब तक कुल मौतें: 2.34 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 36.44 लाख
