नई दिल्ली, एजेंसी  : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि देश में लोकतंत्र खत्म हो रहा है, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। तमिलनाडु के थुथुकडी में राहुल गांधी ने वकीलों के एक कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र झटके से नहीं मरता है, ये धीरे-धीरे खत्म किया जाता है जो कि आज हो रहा है।

उन्होंने कहा कि संस्थाओं के बीच संतुलन बिगड़ता है, तो देश में असंतुलन पैदा होता है। पिछले छह सालों से सभी संस्थाओं पर व्यवस्थित तरीके से हमला किया जा रहा है। भारत में लोकतंत्र को मारा जा रहा है। RSS हमारे देश की संस्थाओं के संतुलन को बर्बाद कर रहा है।

PM मोदी पर साधा निशाना

राहुल ने VOC कॉलेज में कहा, ‘सवाल यह नहीं है कि प्रधानमंत्री उपयोगी हैं या नहीं? सवाल यह है कि व किसके लिए उपयोगी हैं। प्रधानमंत्री सिर्फ दो लोगों को फायदा पहुंचा रहे हैं। हम दो-हमारे दो। ये दो लोग प्रधानमंत्री का इस्तेमाल कर अपनी पूंजी बढ़ा रहे हैं। वे गरीबों के किसी काम के नहीं हैं।’

महिला आरक्षण होना चाहिए: राहुल

राहुल ने कहा, ‘मैं महिला आरक्षण के पूरी तरह से समर्थन में हूं। ना सिर्फ संसद, बल्कि न्याय पालिका में भी महिलाओं को आरक्षण मिलना चाहिए। पुरुषों को भी अपना नजरिया बदलने की जरूरत है। उनको महिलाओं को बराबरी की निगाह से देखना चाहिए।’

दक्षिण भारत के दौरे पर राहुल

कांग्रेस नेता बीते कई दिनों से दक्षिण भारत के दौरे पर हैं। इससे पहले उन्होंने केरल में कई दिन बिताए। वहां कोल्लम जिले में मछुआरों के साथ समुद्र में मछली पकड़ते हुए भी वो नजर आए। इस दौरान वे समुद्र में तैरते हुए भी दिखे। केरल के बाद राहुल शनिवार को तमिलनाडु पहुंचे। यहां विधानसभा चुनाव का ऐलान हो चुका है। तमिलनाडु में 6 अप्रैल को मतदान होना है और 2 मई को नतीजों का ऐलान होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *