काकचिंग, एजेंसी  : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को मणिपुर के काकचिंग में युवा रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दूसरे राजनीतिक दलों के पास न दिशा है न दृष्टि। वे बस भाजपा और नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हैं और यह करते-करते वह देश की भी आलोचना करने लगते हैं। भाजपा सबको साथ लेकर चलती है लेकिन वे वंशवाद और परिवारवाद के साथ चलते हैं।

उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सरकार के विकास का मजा लेना है तो कांग्रेस के अंधेरे दिनों को याद रखना। कांग्रेस ने क्या दिया? इंस्टेबिलिटी, इंसर्जेन्सी और इनक्वॉलिटी। ये तीन I (आई) कांग्रेस ने दी हैं। भाजपा ने तीन I (आई) इंफ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन और इंटीग्रेशन दिए हैं।

उन्होंने कहा कि मणिपुर खेल का पर्याय है। कई महिला खिलाड़ी मणिपुर से आती हैं। मैं मणिपुर के अधिक से अधिक युवाओं से खेलो इंडिया अभियान के तहत खुद को खेलों से जोड़ने का आह्वान करता हूं। उन्होंने कहा कि आपको चुनना होगा कि आप विद्रोह चाहते हैं या स्थिरता, फूट डालो और राज करो या समृद्धि की नीति, मुठभेड़ या शांति, ड्रग्स या खेल। मुझे विश्वास है कि यहां के युवा नशे की जगह खेल को और मुठभेड़ों से शांति को चुनेंगे। कमल खिलेगा तभी मणिपुर का विकास होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *