नई दिल्ली, एजेंसी : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक बार फिर भारत की सबसे शक्तिशाली महिला बनीं हैं। फोर्ब्स की ताजा सूची में उन्हें 37वां स्थान दिया गया है। गौरतलब है कि फोर्ब्स मैग्जीन ने दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची जारी की है। इससे पहले हाल ही में जारी की गई फॉर्च्यून इंडिया की सूची में भी वित्त मंत्री को पहला स्थान दिया गया था। बता दें फोर्ब्स की इस सूची में और भी भारतीय महिलाओं को स्थान दिया गया है।

लगातार तीसरी बार सूची में शामिल

फोर्ब्स मैग्जीन द्वारा जारी की गई दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को 37वां स्थान मिला है, इसी के साथ वे भारत की सबसे सबसे शक्तिशाली महिला बन गई हैं। 2020 की सूची में सीतारमण 41वें पायदान पर थीं। बता दें कि फोर्ब्स ने निर्मला सीतारमण को लगातार तीसरी बार दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में शामिल किया है।

जैनेट येलेन को पीछे छोड़ा

सूची के मुताबिक, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बार काफी आगे बढ़ते हुए अमेरिका की ट्रेजरी सेक्रेटरी जैनेट येलेन को पीछे छोड़ दिया है। इससे पूर्व जारी की गई सूचियों में जैनेट सीतारमण से आगे रही थीं, लेकिन इस बार बाजी पलटी है और जैनेट पीछे छूट गई हैं।

फाल्गुनी नायर-रोशनी नाडर को जगह

दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की इस ताजा सूची में अन्य भारतीयों को देखें तो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ ही एचसीएल कॉरपोरेशन की रोशनी नाडर भी मौजूद हैं। रोशनी को इस सूची में 52वां स्थान मिला है। इसके अलावा बायोकॉन की किरन मजूमदार शॉ को 72वां और नायका की संस्थापक और सीईओ फाल्गुनी नायर को सूची में 88वां स्थान दिया गया है।

मैकेंजी स्टॉक दुनिया में सबसे ताकतवर

सूची में पहले पायदान पर अमेजन के मालिक और दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंजी स्टॉक हैं। मैकेंजी ने यह स्थान जर्मन चांसलर एंजेलर मार्केल को पीछे छोड़ते हुए हासिल किया है। फोर्ब्स की सूची में दूसरे नंबर पर भी भारतीय मूल की महिला का कब्जा है, जी हां दूसरा स्थान अमेरिका की उप-राष्ट्रपति भारतवंशी कमला हैरिस को दिया गया है।

सूची में शामिल 40 महिलाएं सीईओ

गौरतलब है कि अमेरिकी बिजनेस मैग्जीन फोर्ब्स हर साल दुनिया की 100 ताकतवर महिलाओं की सूची जारी करती है। इस साल शक्तिशाली महिलाओं की 18वीं वार्षिक सूची में 40 महिलाएं ऐसी हैं, जो किसी न किसी कंपनी में सीईओ के पद पर पदस्थ हैं। सूची में 19 विश्व नेताओं को भी जगह दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *