कोलकाता, एजेंसी : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के परिणाम वाले दिन भाजपा कार्यकर्ता अभिजीत सरकार हत्याकांड मामले में आरोपियों पर इनाम घोषित किया है। शुक्रवार को सीबीआई के डीआईजी अखिलेश सिंह ने बताया कि सभी फरार आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इस मामले में पांच आरोपी फरार हैं। इसमें एक महिला भी शामिल है। सीबीआई ने इन व्यक्तियों की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। दरअसल, सीबीआई की विशेष अदालत ने सभी आरोपियों को भगोड़ा घोषित किया हुआ है।
क्या है मामला
पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम के दिन भाजपा कार्यकर्ता अभिजीत सरकार ने फेसबुक लाइव किया था। इसके तुरंत बाद ही उसकी हत्या कर दी गई थी। कोलकाता हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी थी। पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद हिंसा में यह पहला मामला है, जिस पर सीबीआई ने इनाम घोषित किया है। अभिजीत के भाई विश्वजीत सरकार ने तृणमूल समर्थकों पर हत्या का आरोप लगाया था। सीबीआई ने चुनाव बाद हिंसा मामले में 50 से ज्यादा मुकदमे अब तक दर्ज किए हैं। इसमें से अभिजीत सरकार का भी एक मामला है। सीबीआई जांच के आदेश को ममता बनर्जी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
