चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीएम चन्नी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ मौजद हैं। इस दौरान वह कहते हैं कि यूपी दे, बिहार दे, दिल्ली दे भइये आके इते राज नई करदे। इसके बाद वहां मौजूद लोग तालियां बजाने लगते हैं। प्रियंका गांधी खुद ताली बजाती हैं। वहीं सीएम चन्नी के इस बयान पर विपक्षी दलों ने भी हमला बोला है। चन्नी के बयान पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक है। हम किसी व्यक्ति या किसी विशेष समुदाय के उद्देश्य से की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी भी यूपी से ताल्लुक रखती हैं, वह भी ‘भैया’ हैं।

प्रियंका गांधी बोलीं- मुझे गर्व है कि मेरे बच्चों में पंजाब का खून

दरअसल, मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पंजाब के रोपड़ में रोड शो निकाला था। यहां उन्होंने कहा कि उनका ससुराल पंजाब में है और उन्हें गर्व है कि उनके बच्चों में पंजाब का खून है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी कहा कि प्रियंका गांधी पंजाब की पुत्रवधु हैं और पंजाबी महिला हैं।

भाजपा और आप पर साधा निशाना

प्रियंका गांधी ने भाजपा और आप पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा और आप के नेता एक ही तरह के हैं। पीएम मोदी और केजरीवाल की शुरुआत आरएसएस से ही हुई है। इनमें से एक ने 15 लाख और दूसरे ने 7 लाख देने की बात कही थी। प्रियंका ने कहा कि पीएम गुजरात मॉडल और अरविंद केजरीवाल दिल्ली मॉडल की बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल का कुछ नहीं हुआ। किसी को रोजगार नहीं मिला और न ही कारोबार को फायदा मिला है और न ही किसी को मदद मिली है। उन्होंने कहा कि मंच पर बनावटी पगड़ी बांध कर कोई सरदार नहीं बना जा सकता। उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी और बरिंदर ढिल्लों की तरफ इशारा कर कहा कि यह समझना होगा कि असली सरदार कौन है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *