नई दिल्ली : लंबे समय तक हथियार आयातक देश रहा भारत अब शस्त्रों का बड़ा निर्यातक बनने जा रहा है। इस दिशा में बड़ा करार फिलीपींस से किया गया है। फिलीपींस की नौसेना के लिए भारत ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल बेचेगा। ब्रह्मोस मिसाइल निर्यात के लिए यह पहला विदेशी ऑर्डर है।

ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल ध्वनि की रफ्तार से तीन गुना तेज गति यानी 4321 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से मार करने में सक्षम है। फिलीपींस ने ब्रह्मोस मिसाइलों की खरीदी को लेकर भारत से 37.50 करोड़ डॉलर (2,812 करोड़ रुपये) का करार किया है। शुक्रवार को सरकारी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दोनों देशों के अधिकारियों ने इस करार पर दस्तखत किए। इस महत्वपूर्ण करार पर हस्ताक्षर के वक्त ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंडिया के सीईओ अतुल डी राणे, डिप्टी सीईओ संजीव जोशी, ले. कर्नल आर. नेगी और प्रवीण पाठक मौजूद थे।

चीन के आक्रामक रवैये को झेल रहे फिलीपींस ने भारत के साथ दुनिया की सबसे तेज सुपरसोनिक एंटी शिप क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस की खरीदी का करार कर चीन को झटका दिया है। सूत्रों का कहना है कि डीआरडीओ (रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन) और ब्रह्मोस एयरोस्पेस इस मिसाइल का मित्र देशों को निर्यात करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। डीआरडीओ ने हाल ही में अमेरिका के साथ मेड इन इंडिया रडार का सौदा भी किया था। भारत को अन्य मित्र देशों से भी मिसाइल प्रणाली के ऑर्डर जल्द मिलने की उम्मीद है क्योंकि कुछ और देशों के साथ भी इसे लेकर सौदेबाजी अंतिम दौर में है। इस मिसाइल की क्षमताओं में वृद्धि हुई है और कई आधुनिक विशेषताओं से लैस किया गया है। चीन का एक और पड़ोसी देश वियतनाम भी भारत से यह मिसाइल सिस्टम खरीद सकता है।

चीन को झटका

फिलीपींस को आंखें दिखा रहे चीन को इस सौदे से बड़ा झटका लगा है। दरअसल, दक्षिण चीन सागर में चीन के साथ फिलीपींस के अधिकार क्षेत्र को लेकर विवाद चल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे में ब्रह्मोस मिसाइल को फिलीपींस अपने तटीय इलाकों में तैनात कर सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *