नई दिल्ली, एजेंसी  कोरोना महामारी की दूसरी लहर के प्रकोप के बीच देश भर में अब म्यूकर माइकोसिस यानी ब्लैक फंगस भी अपना कहर ढा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने सोमवार को मंत्री समूह की 27वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने बताया कि अब तक 18 राज्यों में 5,424 मामले मिल चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि देशभर के 18 राज्यों में सोमवार सुबह तक ब्लैक फंगस के 5,424 मामले दर्ज किए गए। इनमें से गुजरात में 2,165, महाराष्ट्र में 1,188, उत्तर प्रदेश में 663, मध्य प्रदेश में 519, हरियाणा में 339, आंध्र प्रदेश में 248 मामले दर्ज किए गए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने कहा कि इन 5,424 मामलों में से 4,556 मामलों में पहले कोविड संक्रमण था और 55 फीसदी मरीजों को डायबिटीज था।

कोविड केस घटे लेकिन संक्रमण दर बढ़ी

देश में कोरोना के नए मामलों में कमी आई है, लेकिन कई राज्य ऐसे भी हैं, जहां संक्रमण दर अब भी अधिक है। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि देश के 16 राज्यों- कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर, पुडुचेरी, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, सिक्किम और लक्षद्वीप संक्रमण दर अधिक हैं। उन्होंने कहा कि बीते 24 घंटे में 4,454 लोगों की जान गई। इनमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 1,320 लोगों की जान चली गई। कर्नाटक में 624, तमिलनाडु में 422 और उत्तर प्रदेश में 231 लोगों की इस बीमारी से जान चली गई।

क्या है ब्लैक फंगस?

बता दें कि म्यूकरमाइकोसिस एक फंगल इन्फेक्शन है। यह उन लोगों को प्रभावित करता है, जिनका इम्यून सिस्टम किसी बीमारी या इसके इलाज की वजह से कमजोर हो जाता है। ये फंगस हवा में मौजूद होता है और ऐसे लोगों में पहुंचकर उनको संक्रमित करता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *