कोलकाता, एजेंसी : पश्चिम बंगाल के सियासी घमासान में मंगलवार को भाजपा के दिग्गज नेता जनता का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुरुलिया में रैली को संबोधित किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता दीदी जय श्री राम के नारे से चिढ़ती हैं। 2014 से पहले लोग मंदिर में जाने से डरते थे, अब ममता दीदी भी मंदिर में जाकर चंडी पाठ कर रही है। एक बार राहुल भी मंदिर में गए थे, तो वहां उनके बैठने के तरीके पर पुजारी ने टोका। वे ऐसे बैठ रहे थे, जैसे नमाज पढ़ने के लिए बैठते हैं। ये नया भारत है।
योगी के भाषण की अहम बातें
2 मई के बाद TMC सरकार की विदाई तय
मैं कृष्ण और राम की धरती से आया हूं, बंगाल हमेशा से ही परिवर्तन की धरती रही है। बंगाल ने देश को राष्ट्रगान भी दिया और वंदे मातरम भी दिया। बंगाल के लोगों की पीड़ा अधिक दिन तक नहीं रहेगी। तृणमूल कांग्रेस की गुंडागर्दी नहीं चलेगी। 2 मई के बाद TMC सरकार की विदाई तय है।
बंगाल की जनता ममता को बर्दाश्त नहीं करेगी
हमारे जीवन से कोई राम को अलग नहीं कर सकता। जो राम से हमें अलग करने का प्रयास करेगा, उसे सत्ता से वंचित होना पड़ेगा। ममता दीदी ने राम का विरोध करके तय कर लिया है कि अब बंगाल की जनता उन्हें बर्दाश्त नहीं करेगी। वे पहले भी ऐसा करती रही हैं।
TMC ने बंगाल को खोखला बना दिया
कांग्रेस, कम्यूनिस्टों, और TMC ने बंगाल को खोखला बना दिया। बंगाल को कांग्रेस कम्यूनिस्टों और TMC के गुंडों का अड्डा नहीं बनने देना है। TMC सरकार गौ तस्करी करके गौ माता को कटने के लिए पहुंचा देती है। यूपी में हम गौ तस्करी नहीं होने देते हैं और गाय को कटने भी नहीं देते हैं। यहां अवैध घुसपैठ के कारण यहां के गरीबों का राशन अवैध रूप से घुसपैठ करने वाले खा जाते हैं, लेकिन भाजपा इन सभी समस्याओं का समाधान लेकर आई है।
बंगाल में अब अराजकता का वक्त खत्म हो रहा
2 मई के बाद TMC के गुंडों को चुन-चुनकर सजा दिलाई जाएगी। बंगाल में अब अराजकता का वक्त खत्म हो रहा है। भाजपा की सरकार आते ही अराजकता को रफा-दफा कर दिया जाएगा। मेरी सभा में लोगों को आने से रोका जा रहा है। मुझे कहा गया कि यहां भीड़ नहीं होगी, लेकिन अब सभी बंधनों को तोड़कर लोग यहां पर आ गए हैं।
2019 में मेरा हेलीकाप्टर नहीं उतरने दिया गया था
2019 में भी यहां आया था तो उस वक्त मेरा हेलीकाप्टर नहीं उतरने दिया गया था। झारखंड में हेलीकाप्टर उतार कर 35km सड़क मार्ग से आया था। मैंने तय किया था कि चुनाव प्रचार का शुभारंभ भी पुरुलिया से ही करूंगा।
बंगाल की धरती को मेरा नमन
मैं खुद भगवान राम और कृष्ण की पावन धरती से रामकृष्ण जी की पावन धरती पर आया हूं। बंगाल की धरती हमेशा भारत के अंदर परिवर्तन की धरती रही है। भारत के राष्ट्रवाद की धरती रही है। रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, रवीन्द्रनाथ टैगोर और सुभाष चंद्र बोस को भी इसी धरती ने दिया। जनसंघ के अध्यक्ष श्यामाप्रसाद मुखर्जी समेत दूसरे महान नेताओं को इसी धरती ने दिया। जनगण मन भी इसी धरती ने दिया। इस धरती को मेरा नमन है।
बंगाल में 8 फेज में चुनाव
पश्चिम बंगाल की कुल 294 विधानसभा सीटों के लिए इस बार 8 फेज में वोटिंग होगी। 294 सीटों वाली विधानसभा के लिए वोटिंग 27 मार्च (30 सीट), 1 अप्रैल (30 सीट), 6 अप्रैल (31 सीट), 10 अप्रैल (44 सीट), 17 अप्रैल (45 सीट), 22 अप्रैल (43 सीट), 26 अप्रैल (36 सीट), 29 अप्रैल (35 सीट) को होनी है। काउंटिंग 2 मई को की जाएगी।