नई दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और मोदी सरकार पर पेगागस जासूसी कांड का आरोप लगाया था। आपको बता दें कि संदिग्ध पेगासस जासूसी को लेकर उठे विवाद के बीच गांधी ने पहले कहा था कि उनके सभी फोन टैप किए गए थे। राहुल के इस आरोप के खिलाफ भाजपा नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। भाजपा ने शुक्रवार (23 जुलाई) को राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा है कि अगर उन्हें लगता है कि उनका फोन टैप किया गया है तो वे जांच के लिए अपना फोन जांच एजेंसी को सौंप दें। भाजपा ने कहा कि मोदी सरकार ने किसी का फोन अवैध रूप से टैप नहीं किया।
कांग्रेसी संसद ठप करने के लिए प्रतिबद्ध : भाजपा
भाजपा प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने इस मामले पर संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में जनता द्वारा दो बार खारिज किए जाने के बाद किसी न किसी कारण से संसद को ठप करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्यवर्धन ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस देश के विकास को स्वीकार नहीं कर सकती और संसद के कामकाज को अक्सर किसी न किसी बहाने से बाधित करती रही है।
राहुल के आरोप पर राज्यवर्धन का बयान
राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने कथित तौर पर भारत और उसके संस्थानों के खिलाफ पेगासस स्पाइवेयर का इस्तेमाल किया और ‘इसके लिए एकमात्र शब्द देशद्रोह है।’
इस पर राठौर ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को वह अधिकार है, जो वह चाहता है। इसके अलावा राहुल गांधी के आरोप पर राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि राहुल गांधी को अपना फोन जांच एजेंसी को सौंपना चाहिए। भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत इस मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश के विकास को स्वीकार नहीं कर सकती और संसद के कामकाज को अक्सर किसी न किसी बहाने से बाधित करती रही है।