जयपुर : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वैक्सीन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि सभी के लिए वैक्सीन का इंतजाम नहीं हुआ तो तीसरी लहर में अब से कई गुना बदतर हालत बनेंगे। हम बच्चों को बचा नहीं पाएंगे। गहलोत ने लगातार तीन ट्वीट करके केंद्र को निशााने पर लिया है।
फ्री वैक्सीन को लेकर शुरू से जारी है सियासत
वैक्सीन के मुद्दे पर लंबे समय से सियासत जारी है। भाजपा नेता राजस्थान में वैक्साीनेशन में कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधते रहते हैं। 18 साल से 44 साल तक की उम्र वालों को वैक्सीनेशन का जिम्मा राज्यों पर है। मुख्यमंत्री गहलोत कई बार यह बयान जारी कर चुके हैं कि देश मेें अब तक जितने भी वैक्सीनेशन हुए हैं, वे केंद्र सरकार ने फ्री करवाए हैं। इसलिए सभी आयु वर्गों के लिए केंद्र सरकार फ्री वैक्सीनेशन करवाए।
मुंहमांगे दामों पर भी राज्य को समय पर वैक्सीन की गारंटी नहीं मिल रही
राज्य सरकार ने 18 से 44 उम्र वालों के लिए 1 करोड़ डोज के लिए सीरम इंस्टीट्यूट को ऑर्डर दे रखा है, लेकिन वहां से अभी करीब 16 लाख ही डोज मिले हैं। करीब 3.25 करोड़ युवा आबादी को वैक्सीनेशन के दोनों डोजेज लगाने के लिए 7 करोड़ के आसपास डोज चाहिए। राज्य सरकार ने वैक्साीन के लिए ग्लोबल टेंडर भी किया, लेकिन अब तक वहां से भी स्थिति साफ नहीं हुई है कि कब कितनी वैक्सीन कौन सी कंपनी देगी।