एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भांबी से जानिए मार्च का राशिफल

2021 के तीसरा महीना मार्च शुरू हो गया है। इस महीने में चंद्र के अलावा सूर्य, बुध और शुक्र का राशि परिवर्तन होगा। मंगल वृष राशि में, गुरु मकर में, शनि मकर में, राहु वृष में और केतु वृश्चिक राशि में रहेगा। सूर्य 14 मार्च को कुंभ से मीन राशि में प्रवेश करेगा। बुध 11 मार्च को मकर से कुंभ में और इसके बाद 31 को मीन राशि में जाएगा। शुक्र 16 मार्च को कुंभ से मीन में जाएगा। चंद्र 1 तारीख को कन्या में है। इसके बाद 2 की शाम को तुला में प्रवेश करेगा। चंद्र हर ढाई दिन में राशि बदलता है।

एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भांबी से जानिए सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा मार्च…

मेषः

पॉजिटिव– इस समय परिस्थितियां परिवर्तन करने वाली बनी हुई है। घर के रखरखाव और मरम्मत संबंधी योजनाएं बनेंगी। कोई भी कार्य करने से पहले उसकी पूरी योजना तथा प्रारूप बनाना आपके कार्य में गलती होने से बचाएगा। पारिवारिक तथा व्यक्तिगत गतिविधियां भी सुचारू रूप से चलती रहेंगी। संतान के करियर संबंधी कोई सूचना मिलने से घर में प्रसन्नता भरा वातावरण रहेगा।

नेगेटिव– समय के अनुसार अपने व्यवहार में भी कुछ लचीलापन लाना बहुत जरूरी है। विद्यार्थियों की उनकी पढ़ाई के प्रति लापरवाही रिजल्ट को खराब कर सकती है। सोशल मीडिया और फालतू की बातों में पड़कर अपने करियर के साथ किसी भी प्रकार का समझौता ना करें। इस माह किसी भी प्रकार की यात्रा से परहेज रखें।

व्यवसाय– व्यापार में किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है, सिर्फ अपने कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से संपन्न करें। मंदी होने के बावजूद कारोबार में लाभदायक स्थितियां रहेंगी। लेकिन, नौकरी में सहकर्मी ईर्ष्या और जलन की भावना से आपके खिलाफ कोई षडयंत्र रच सकते हैं।

लव– पारिवारिक वातावरण सुखद और खुशनुमा रहेगा। प्रेम-प्रसंगों में पारिवारिक स्वीकृति मिलने से मानसिक सुकून व खुशी रहेगी। पति-पत्नी के संबंधों में भी नजदीकियां रहेंगी।

स्वास्थ्य– कुछ समय से अव्यवस्थित दिनचर्या की वजह से वजन बढ़ना और आलस जैसी स्थिति हावी हो सकती है। संतुलित आहार के साथ-साथ व्यायाम पर भी ध्यान दें।

वृषः

पॉजिटिव– समय चुनौतीपूर्ण रहेगा। लेकिन, आप अपनी प्रतिभा व ऊर्जा द्वारा हर परिस्थिति का सामना करने में समर्थ रहेंगे। खासतौर पर महिला वर्ग के लिए समय अनुकूल है। माह के द्वितीय पक्ष में आपकी सफलता का कोई द्वार खुलने वाला है। जिसमें लाभ की प्राप्ति के साथ-साथ उत्साह व ऊर्जा का भी संचार होगा।

नेगेटिव– आर्थिक मामलों में बजट का खास ध्यान रखने की जरूरत है। अनावश्यक खर्चों की वजह से आर्थिक समस्या आ सकती है। किसी अपरिचित पर भरोसा करना आपको मुसीबत में डाल सकता है। कामकाज व पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बिठाना चुनौती रहेगा।

व्यवसाय– राजकीय सेवारत व्यक्ति पब्लिक के साथ व्यवहार करते समय सावधानी बरतें। किसी प्रकार की मानहानि की आशंका बनी हुई है। प्रॉपर्टी से जुड़े व्यवसाय सफल रहेंगे। प्राइवेट नौकरी में लक्ष्यों को पूरा करने का दबाव बना रहेगा। व्यापार में विस्तार संबंधी योजनाएं स्थगित रखें।

लव– पति-पत्नी आपसी सामंजस्य द्वारा घर की व्यवस्था उचित बनाकर रखेंगे। परिवार में सुखद और प्रेम पूर्ण वातावरण बना रहेगा। प्रेम प्रसंगों में भी नजदीकियां आएंगी।

स्वास्थ्य– बदलते वातावरण की वजह से स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहना जरूरी है। जरा सी लापरवाही आपके लिए परेशानी का कारण बन सकती है।

मिथुनः

पॉजिटिव– अगर घर बदलने जैसी कोई योजना बन रही है, तो इस माह इस विषय पर कोई महत्वपूर्ण बातचीत हो सकते हैं। आप अपनी बौद्धिक क्षमता के बल पर कुछ ऐसे सकारात्मक परिणाम हासिल करेंगे, कि स्वयं आपको अपने ऊपर गर्व महसूस होगा। अगर कहीं पैसा रुका हुआ है तो उसकी वसूली करने का भी उचित समय है।

नेगेटिव– सफलता जल्दी हासिल करने की कामना की वजह से किसी अनुचित कार्य में रुचि ना लें, इससे अपयश तथा बदनामी हो सकती है। विद्यार्थी भी मनोरंजन तथा व्यर्थ के कार्यों में पड़कर अपने अध्ययन और करियर के साथ समझौता ना करें।

व्यवसाय– कार्य क्षेत्र में की गई मेहनत के जल्दी ही उचित परिणाम हासिल होंगे। नौकरी पेशा व्यक्तियों के लिए शुभ परिस्थितियां बनेंगी। अपने बॉस व उच्चाधिकारियों के साथ संबंध खराब ना होने दें। अगर कारोबार में कोई नया प्रयोग अमल कर रहे हैं, तो प्रयासरत रहें। इसके आपको बेहतर परिणाम हासिल होंगे।

लव– पारिवारिक परिस्थितियां खुशनुमा बनी रहेगी। माह के द्वितीय पक्ष में रिश्तेदारों की आवाजाही रहेगी। आपसी मेल मिलाप सबको खुशी देगा। लेकिन, बजट बिगड़ सकता है।

स्वास्थ्य– मधुमेह और ब्लड प्रेशर से संबंधित दिक्कतें बढ़ सकती हैं। अपनी नियमित जांच अवश्य करवाएं। तथा व्यवस्थित दिनचर्या व्यतीत करें।

कर्कः

पॉजिटिव– योजनाबद्ध और डिसिप्लिन तरीके से आपके कार्य करने की प्रणाली द्वारा कई कार्य सुचारू रूप से संपन्न होते जाएंगे। परिवार में भी अनुशासन का वातावरण रहेगा। अपने काम के साथ-साथ व्यक्तिगत रुचियों पर भी ध्यान दें। ऐसा करना आपके अंदर एक नई ऊर्जा का संचार करेगा और रोजमर्रा की थकान से भी राहत मिलेगी।

नेगेटिव– किसी पारिवारिक सदस्य के वैवाहिक जीवन में विघटन संबंधी समस्या उत्पन्न होने से घर में तनाव का माहौल रहेगा। लेकिन, आपके सहयोग और सुझाव से काफी हद तक उचित समाधान भी मिलेगा। रुपए-पैसे के मामले में किसी पर भी आंख मूंदकर विश्वास ना करें। कभी-कभी आप अपने स्वभाव में कुछ चिड़चिड़ापन महसूस कर सकते हैं, अपनी इस कमी को सुधारें।

व्यवसाय– व्यवसाय में पब्लिक से संबंधित रिलेशन को और अधिक स्ट्रांग बनाएं। मीडिया और एडवर्टाइजमेंट संबंधी कार्यों में भी अधिक ध्यान दें। मुश्किल समय में पारिवारिक सदस्यों की सलाह लेना आपके लिए लाभदायक रहेगा। अपने महत्वपूर्ण दस्तावेजों को संभालकर रखें।

लव– पति-पत्नी दोनों मिलकर परिवार की देखरेख संबंधी योजनाओं पर विचार विमर्श करेंगे। जिससे घर का वातावरण उचित और खुशनुमा बना रहेगा। प्रेम संबंधों में भी भावनात्मक नजदीकियां बढ़ेंगी।

स्वास्थ्य– थकान और अनिद्रा जैसी परेशानी से राहत नहीं मिलेगी। आपको अधिक से अधिक मानसिक आराम लेने की जरूरत है। असंतुलित खानपान में भी सुधार लाएं।

सिंहः

पॉजिटिव– इस माह पिछले कुछ समय से चल रही समस्याओं का समाधान पाने में सफल रहेंगे। भौतिक सुख साधनों में वृद्धि होगी। अपने अभीष्ट मित्रों व गुरुजनों के सानिध्य में भी बेहतरीन समय व्यतीत होगा। विद्यार्थियों और युवाओं के प्रतियोगिता तथा विभागीय परीक्षा संबंधी परिणाम उनके पक्ष में आ सकते हैं।

नेगेटिव– बिना वजह किसी से भी ना उलझे। अपने गुस्से और आवेश पर काबू रखना अति आवश्यक है। कभी-कभी ऐसा लगेगा कि खुशियों को किसी की नजर लग गई है, हालाकि यह आपका भ्रम ही होगा। आपके कुछ नजदीकी लोग ही आपके कार्यों में बाधा डाल सकते हैं।

व्यवसाय– व्यापार और कारोबार में परिस्थितियां काफी हद तक आपके पक्ष में हो जाएंगी। युवाओं को जॉब की प्लेसमेंट संबंधी कोई शुभ समाचार भी प्राप्त हो सकता है। व्यापार में विस्तार संबंधी जो योजनाएं आपने बनाई थी, उन्हें फलीभूत करने का उचित समय है। नौकरी में छोटी-मोटी परेशानियां बनी रहेगी, लेकिन आप अपनी मेहनत द्वारा समस्याओं का हल निकाल लेंगे।

लव– परिवार में सुख-शांति और खुशनुमा माहौल व्याप्त रहेगा। प्रेम संबंधों में किसी अन्य व्यक्ति की वजह से गलतफहमियां उत्पन्न हो सकती हैं। छोटी-मोटी बातों को ज्यादा तूल ना दें।

स्वास्थ्य– स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। लेकिन, बदलते मौसम की वजह से लापरवाही बरतना उचित नहीं है। व्यवस्थित दिनचर्या और खानपान को संयमित रखें।

कन्याः

पॉजिटिव– किसी पुरानी समस्या का हल मिलने से बहुत अधिक सुकून महसूस करेंगे। परिवार के बड़े बुजुर्गों के प्रति सेवा भाव रखना तथा उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाना आपके लिए भाग्योदय दायक रहेगा। मीडिया तथा संपर्क सूत्रों से संबंधित गतिविधियों में अपना ध्यान विशेष रूप से केंद्रित रखे, निश्चित ही आपको विशेष उपलब्धि मिलने वाली है।

नेगेटिव– दूसरों पर अधिक विश्वास करना आपके लिए नुकसानदायक रह सकता है। बेहतर है कि भविष्य संबंधी कोई भी योजना बनाते समय अपने निर्णय को ही प्राथमिकता दें। किसी दोस्त या रिश्तेदार का अपने वादे से मुकर जाना आपको परेशान करेगा। इस समय किसी प्रकार की भी यात्रा को स्थगित ही रखें।

व्यवसाय– कार्यक्षेत्र में आपका मैनेजमेंट तथा कर्मचारियों के साथ उचित तालमेल काम की गति को और अधिक बढ़ाएगा। सबके बीच आपकी छवि और प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी। जीवन को सकारात्मक नजरिए से समझने का प्रयास कामयाब होगा। धार्मिक तथा आध्यात्मिक गतिविधियों के प्रति भी आपका रुझान बढ़ेगा।

लव– किसी बाहरी व्यक्ति के हस्तक्षेप से घर में कुछ नकारात्मक वातावरण बन सकता है। बेहतर होगा कि आपस में ही समस्याओं को सुलझाने का प्रयास करें। घर की बातों को बाहर उजागर ना होने दें।

स्वास्थ्य– महिला वर्ग अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहे। किसी प्रकार के इंफेक्शन होने की आशंका है।

तुलाः

पॉजिटिव– इस माह परिवार के साथ किसी धार्मिक स्थल पर जाने का प्रोग्राम बन सकता है। साथ ही मनोरंजन तथा आमोद-प्रमोद संबंधी कार्यक्रम में भी समय व्यतीत होगा। अगर पैतृक संपत्ति संबंधी कोई वाद-विवाद चल रहा है, तो उसे सुलझाने का उचित समय है। रचनात्मक संबंधी कार्यों में भी आपकी रुचि बनी रहेगी।

नेगेटिव– अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित बनाकर रखना जरूरी है, अन्यथा लापरवाही की वजह से कोई महत्वपूर्ण काम छूट सकता है। बच्चों की गतिविधियों तथा संगति पर भी नजर रखना जरूरी है। रुपए-पैसे संबंधी उधारी लेने अथवा देने से परहेज रखें। क्योंकि इसकी वजह से संबंधों में खटास आ सकती हैं।

व्यवसाय– व्यापार में अपनी कार्यप्रणाली संबंधी गतिविधियों को किसी के समक्ष भी शेयर ना करें, क्योंकि कोई व्यक्ति इनका दुरुपयोग करके आपको हानि पहुंचा सकता है। इस समय काम की क्वालिटी पर ध्यान देना जरूरी है। नौकरी पेशा व्यक्तियों को तरक्की अथवा स्थान परिवर्तन संबंधी शुभ अवसर मिलेंगे।

लव– पारिवारिक माहौल खुशनुमा बना रहेगा। घर में कोई धार्मिक आयोजन जैसी गतिविधियां संपन्न होगी। विवाह योग्य व्यक्तियों के लिए भी उत्तम रिश्ता आने की संभावना है।

स्वास्थ्य– किसी भी मशीनरी का उपयोग करते समय अथवा वाहन चलाते समय बहुत अधिक सावधानी बरतें। इस समय चोट लगने जैसी स्थिति बन रही है।

वृश्चिकः

पॉजिटिव– यह समय कड़ी मेहनत और परीक्षा का है। लेकिन, आप अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल रहेंगे। बदलते परिवेश की वजह से आपने अपनी कार्यप्रणाली में जो परिवर्तन किया है, वह फायदेमंद साबित होगा। बीमा तथा अन्य संबंधी कार्यों में भी पैसा लगाना उत्तम रहेगा।

नेगेटिव– पैसे की उधारी संबंधी लेनदेन बिल्कुल ना करें। घर के मामले में ज्यादा हस्तक्षेप करना भी उचित नहीं है। योजनाएं बनाने के साथ-साथ उन्हें कार्य रूप देना भी आवश्यक है। अगर घर के रखरखाव संबंधी कार्यों में पैसा लगा रहे हैं, तो पहले बजट बनाना जरूरी है।

व्यवसाय– कार्यक्षेत्र में कुछ नवीनीकरण संबंधी कार्यों की रूपरेखा बनेगी। जो कि बेहतरीन साबित होगी। कर्मचारियों और स्टाफ का भी पूर्ण सहयोग रहेगा। जमीन-जायदाद संबंधी व्यवसाय में बड़ी डील होने की संभावना है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों के साथ संपर्क रखें। नौकरी पेशा लोग अपने कार्यों के प्रति ज्यादा सजग रहें, कोई इंक्वायरी वगैराह हो सकती है।

लव– अपनी समस्या को परिवारिक सदस्यों तथा जीवन साथी के साथ अवश्य शेयर करें, निश्चित ही आपको उचित समाधान मिलेगा। प्रेम संबंध मर्यादा पूर्ण बने रहेंगे।

स्वास्थ्य– स्वास्थ्य ठीक रहेगा। सिर्फ अत्यधिक व्यस्तता की वजह से मानसिक और शारीरिक थकान रह सकती हैं।

धनुः

पॉजिटिव– ग्रह स्थितियां बेहतरीन रहेंगी। आप अपने आत्मविश्वास और मनोबल के सहारे किसी विशेष लक्ष्य को प्राप्त करने में समर्थ रहेंगे। किसी प्रभावशाली व्यक्ति से मुलाकात आपकी आर्थिक स्थिति को और अधिक बेहतर बनाएगी। कुछ नई योजनाओं पर गंभीरता पूर्ण विचार विमर्श होगा। जो कि भविष्य में लाभदायक साबित हो सकता है।

नेगेटिव– आपके भावुक स्वभाव की वजह से कोई छोटी सी नकारात्मक बात भी आपको परेशान कर सकती है। जिसका असर आपके स्वास्थ्य पर भी पड़ेगा। आय के साथ-साथ खर्चों की भी अधिकता बनी रहेगी। कभी-कभी बहुत अधिक जल्दबाजी की वजह से कोई काम बिगड़ भी सकता है।

व्यवसाय– किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति से मुलाकात और उसकी सलाह आपके व्यवसायिक कार्यों में सहायक साबित होगी। लेकिन, कार्य करने से पहले उसके बारे में पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। नौकरी पेशा लोगों को अपना टारगेट पूरा करने के लिए सीनियर अफसरों से संबंध मजबूत करने की जरूरत है।

लव– परिवार के साथ शॉपिंग करना तथा उनके साथ कुछ समय व्यतीत करना संबंधों को और अधिक खुशनुमा बनाएगा। घर का वातावरण भी सुखद रहेगा। प्रेम संबंधों के उजागर होने की स्थिति बन रही है।

स्वास्थ्य– गले और छाती मे कफ और खांसी की वजह से इंफेक्शन बढ़ सकता है। लापरवाही बिल्कुल ना बरतें। तथा बदलते मौसम से अपना बचाव अवश्य करें।

मकरः

पॉजिटिव– आप अपनी दिनचर्या संबंधी गतिविधियों से हटकर किसी विशेष बात को गहराई से जानने का प्रयास करेंगे। आपकी दबी हुई कोई प्रतिभा लोगों के समक्ष उजागर होगी। जिससे आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और मान सम्मान में भी वृद्धि होगी। कोई उधार दिया हुआ अथवा रुका हुआ पैसा मिलने की भी संभावना है।

नेगेटिव– कुछ लोग जलन की भावना से आपको भावनात्मक रूप से कमजोर करने का प्रयास करेंगे। ऐसे लोगों से सावधान रहें तथा अपना आत्मबल मजबूत बनाकर रखें। किसी भी विशेष मुद्दे पर निर्णय लेते समय घर के अनुभवी और वरिष्ठ व्यक्तियों की सलाह लेना आपके लिए हितकर रहेगा।

व्यवसाय– इस समय किसी भी प्रकार का व्यवसायिक कर्जा ना लें। वरना आप किसी मुसीबत में पड़ सकते हैं। इस समय मेहनत के अनुरूप परिणाम कम ही हासिल होंगे। अभी ज्यादा मुनाफे की उम्मीद ना रखें। सरकारी नौकरी में वर्तमान परिस्थितियों की वजह से अत्यधिक कार्यभार बना रहेगा।

लव– पति-पत्नी के संबंधों में मधुरता और नजदीकियां बनी रहेगी। किसी अविवाहित व्यक्ति के विवाह संबंधी उचित रिश्ता आने से प्रसन्नता पूर्ण माहौल रहेगा। प्रेम प्रसंगों में भी नजदीकियां आएंगी।

स्वास्थ्य– कामकाज की अधिकता की वजह से पैरों में दर्द की समस्या बढ़ सकती है। नसों में खिंचाव जैसी दिक्कत भी महसूस होगी।

कुंभः

पॉजिटिव– आप सभी कार्यों को बेहतरीन तरीके से पूरा करने में सक्षम रहेंगे। घर की सुख-सुविधाओं संबंधी खरीदारी में भी परिवार के साथ समय व्यतीत होगा। अध्यात्म से जुड़े कार्यों में विशेष रूचि रहेगी। अगर पैतृक संबंधी कोई मामला रुका हुआ है, तो उसे किसी की मध्यस्थता से हल करने का उचित समय है।

नेगेटिव– नजदीकी संबंधी या मित्र से किसी बात को लेकर संबंधों में कटुता आ सकती है। सावधान रहें, आपकी कोई गुप्त बात भी सार्वजनिक होने की आशंका है, मानसिक सुकून पाने के लिए धार्मिक स्थल में कुछ समय अवश्य व्यतीत करें। विद्यार्थी वर्ग अपनी पढ़ाई के प्रति बिल्कुल भी लापरवाही ना बरतें।

व्यवसाय– कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी। लेकिन, जल्दबाजी की बजाय गंभीरता और सावधानी पूर्वक कार्य करने की जरूरत है। माह के द्वितीय पक्ष में लाभदायक स्थितियां बन रही है। इसलिए धैर्य और संयम बनाकर रखें। रियल स्टेट से जुड़े लोगों की फायदेमंद डील हो सकती है।

लव– पति-पत्नी के बीच घर की व्यवस्था को लेकर कुछ मनमुटाव रहेगा। लेकिन, मिल-बैठकर सुलझाने से समाधान भी अवश्य ही मिलेगा। बड़े बुजुर्गों का स्नेह व आशीर्वाद भी घर पर बना रहेगा।

स्वास्थ्य– स्वास्थ्य ठीक रहेगा। लेकिन, अपने खानपान, दिनचर्या और व्यायाम से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरतें।

मीनः

पॉजिटिव– घर के नवीनीकरण अथवा बदलाव संबंधी कुछ योजनाएं बनेंगी। बच्चों की तरफ से उनके करियर संबंधी शुभ समाचार मिलने से प्रसन्नता बनी रहेगी। घर में नजदीकी रिश्तेदारों का आगमन होगा। किसी विशेष मुद्दे पर विचार-विमर्श भी रहेगा। लाभदायक यात्रा के भी योग बन रहे हैं। आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार संबंधी शुभ अवसर बनेंगे।

नेगेटिव– व्यर्थ की गतिविधियों में व्यय करने से घर का बजट बिगड़ सकता है। किसी भी महत्वपूर्ण कार्य को करने से पहले पारिवारिक सदस्यों की सलाह अवश्य लें। कभी-कभी बिना वजह मन में अशांति और तनाव महसूस करेंगे। कुछ समय प्रकृति के सानिध्य में व्यतीत करें और मेडिटेशन पर भी ध्यान दें। युवा वर्ग को अपने करियर से संबंधित कार्य में और अधिक ध्यान देने की जरूरत है।

व्यवसाय– प्रॉपर्टी, बीमा, कमीशन आदि से संबंधित व्यवसाय में महत्वपूर्ण डील हो सकती है। मार्केटिंग संबंधी गतिविधियों पर अभी ज्यादा ध्यान ना दें। सहयोगियो तथा स्टाफ का उचित सहयोग आपके व्यवसाय में तरक्की दायक रहेगा। किसी भी पार्टनरशिप संबंधी कार्य को करने के लिए समय अनुकूल नहीं है।

लव– परिवार के साथ मनोरंजन तथा शॉपिंग संबंधी योजनाएं बनेगी। घर में प्रसन्नतापूर्ण वातावरण रहेगा। अचानक ही किसी मित्र के मिलने से पुरानी खुशनुमा यादें ताजा होंगी। प्रेम संबंधों में भी नजदीकियां और अधिक बढ़ेगी।

स्वास्थ्य– माइग्रेन और सर्वाइकल की समस्या बढ़ने से दिनचर्या अस्त-व्यस्त रहेगी। इसलिए ज्यादा गरिष्ठ और भारी खान-पान लेने से परहेज करें। तथा व्यायाम पर अधिक से अधिक ध्यान दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *