सीतापुर, एजेंसीपीलभीत में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में सभा करने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह का अगला पड़ाव सीतापुर था। गृह मंत्री अमित शाह ने महोली में कृषक इंटर कालेज मैदान पर भाजपा प्रत्याशी शशांक त्रिवेदी के समर्थन में सभा को संबोधित किया। शशांक त्रिवेदी भाजपा के विधायक हैं और लगातार दूसरी बार सदन में जाने के प्रयास में लगे हैं। सीतापुर में 23 फरवरी को मतदान होना है।

गृह मंत्री अमित शाह ने यहां पर कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीन चरण का मतदान हो चुका है। इसमें तो सपा व बसपा के साथ कांग्रेस और अन्य का सूपड़ा साफ है। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने सीतापुर से भाजपा को 2014, 2017 व 2019 में भाजपा को विजय दिलाई। 2022 में जिताकर चौका लगाइये। यह चुनाव प्रदेश के भाग्य बदलने का चुनाव है। उन्होंने कहा प्रदेश के किसानों व युवाओं का चुनाव है। आपका वोट प्रदेश के भविष्य के लिए है। कमल के निशान पर बटन दबाएं। प्रदेश की पहचान बदलने के लिए हम आपसे वोट मांगने आए हैं।

गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार के शासन से पहले उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर पूरे देश में तंज कसे जाते थे। बुआ, भतीजे ने सब बर्बाद कर दिया था। योगी ने सभी गुंडों माफिया को खदेड़ दिया। दो हजार करोड़ से अधिक सरकारी संपत्ति को माफिया के कब्जे से योगी सरकार ने खाली कराया है, उस पर गरीबों के आवास बनाए हैं। कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, मोदी जी ने हमेशा के लिए कश्मीर को भारत से जोडऩे के लिए धारा 370 को हटाया। अखिलेश बाबू विरोध में खड़े हो गए। अखिलेश बाबू डरा रहे थे। मोदी जी ने धारा 370 व 35-एक को उखाड़कर फेंक दिया। सपा, बसपा के शासन में उत्तर प्रदेश आतंकवाद और दंगों का सेंटर माना जाता था और माफियाओं का कॉरिडोर माना जाता था। सीतापुर में दबंगों और माफियाओं का राज था। आज यहां कोई बाहुबली नहीं है, सिर्फ बजरंगबली हैं।

अमित शाह ने कहा कि अखिलेश बाबू सुन लो, सीतापुर की पवित्र धरती से कहता हूं, तुम खून की नदी बहाने की बात करते थे, किसी की कंकड़ तक फेंकने तक की हिम्मत नहीं है। पहले सपा, बसपा के समर्थन से कांग्रेस की सरकार चलती थी, आए दिन जवानों के सिर सीमा पर काट लिए जाते थे। जबसे मोदी सरकार आई, पुलवामा और उड़ी में हमला करने गलती पाकिस्तान ने कर दी। वह भूल गए यह कांग्रेस की नहीं भाजपा की सरकार है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह नहीं नरेंद्र मोदी हैं। सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान के घर में घुसकर आंतकियों का सफाया करने का काम मोदी सरकार ने किया है। क्या यूपी सरकार को सपा सुरक्षा दे सकती है।

शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ही देश को सुरक्षित कर सकती है। प्रदेश बहुत पिछड़ा था, बिजली नहीं मिलती थी। योगी सरकार 22 से 24 घंटे बिजली दे रही है। यह परिवर्तन भाजपा ही कर सकती है। 300 से ऊपर सीटें दिलाकर योगी को फिर मुख्यमंत्री बनाओ, विजय का संकल्प लो। अमित शाह ने कहा कि यहां पर सपा व बसपा सरकार में प्रदेश के लोग दंगों के साथ आतंक से प्रभावित थे। यह घोर परिवारवादी और माफिया की टोली के समर्थकों ने दबाव में शासन किया। ऐसे लोग कभी भी प्रदेश को तरक्की के रास्ते पर नहीं ले जा सकते हैं। भाजपा सरकार ने महिलाओं को सुरक्षा दी है तो युवाओं को रोजगार दिया है। इसके बाद भी अखिलेश यादव को कुछ दिखाई ही नहीं पड़ता। पीएम नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ सबका विकास किया है। सीतापुर वालों के सामने दो रास्ते हैं। एक रास्ते पर परिवारवाद के गड्ढे हैं। एक पर माफिया का टोल टैक्स है। दूसरा रास्ता है, गरीब के कल्याण का है।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गरीबों को सुविधा दी है। प्रधानमंत्री ने दो करोड़ 61 लाख गरीबों के घर शौचालय बनाने का काम कराया है। एक करोड़ 41 लाख घरों में आजादी के बाद भी बिजली नहीं थी। वहां बिजली दी गई है। दो करोड़ 56 लाख किसानों को किसान निधि दी है। देश की अर्थव्यवस्था को नवें स्थान से विश्व में दूसरे स्थान पर लाने का काम किया है। एक मौका दो दो नंबर से एक नंबर पहुंचा देंगे। गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश तो देश का सबसे बड़ा सूबा है। यह तो सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य है। सबसे अधिक युवाओं वाला राज्य है। हम 2024 के पहले हर गरीब को घर देने का काम करेंगे। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाएंगे। भाजपा को फिर लाओ, किसानों को बिजली निश्शुल्क मिलेगी। बेटियों को स्कूटी देंगे, वह स्कूल जाएगी ही माता, पिता को बैठाकर सब्जी भी लाएगी। छात्रों को स्मार्ट फोन देने का काम भाजपा ने किया है। भाजपा सरकार बनने के बाद होली, दीपावली पर एक-एक सिलेंडर देने का काम हम करेंगे। हमने तो अन्नपूर्णा कैंटीन में केवल 10 रुपये में भोजन की सुविधा भाजपा ने दी है। अमित शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार ने नैमिषारण्य में विकास कार्य कराएं हैं। छह नए मेडिकल आक्सीजन प्लांट सीतापुर में बनाए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *