चंडीगढ़ : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की दसवीं कक्षा का परिणाम 11 जून को घोषित कर दिया जाएगा। यह जानकारी हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने दी। उन्होंने बताया कि 12वीं का परिणाम भी जल्द घोषित होगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मौजूदा हालात में स्कूलों को खोलना जल्दबाजी होगी। अभी न तो बच्चे स्कूल आने के लिए और न ही अभिभावक उन्हें भेजने के लिए तैयार हैं। हालात सामान्य होने पर विचार किया जाएगा।

कोरोना संक्रमण के चलते सीबीएसई की तर्ज पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं कक्षा की परीक्षा रद्द किए जाने के बाद कॉलेजों में दाखिले को लेकर भी असमंजस की स्थिति बन गई है। प्रदेश की सभी यूनिवर्सिटी में यूजी प्रथम वर्ष की दाखिला प्रक्रिया में बदलाव होगा। संभव है कि इस बार दाखिला प्रक्रिया दिसंबर तक चले।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने बच्चों की परीक्षा सीबीएसई के दूसरे ऑप्शन (ऑब्जेक्टिव) के अनुसार लेने का फैसला किया था। मगर अब सीबीएसई द्वारा 12वीं कक्षा की परीक्षा रद्द कर दिए जाने के बाद हरियाणा बोर्ड ने भी 12वीं की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है।

पिछले साल नवंबर तक चले थे कॉलेजों में दाखिले

पिछले साल भी कॉलेजों में दाखिले कोरोना संक्रमण की पहली लहर के चलते नवंबर तक चले थे। दूसरी लहर और ज्यादा घातक होने के कारण यह काबू आने में ज्यादा समय लग रहा है। इसी के चलते 12वीं की परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं। संभव है कि इस बार कॉलेजों में दाखिले दिसंबर तक किए जाएं।

10 हजार बच्चे लेते हैं हर साल दाखिला

चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के अंतर्गत भिवानी और चरखी दादरी जिले के लगभग 60 निजी और सरकारी कॉलेज आते हैं। इनमें हर वर्ष यूजी प्रथम वर्ष में लगभग 10 हजार बच्चे भाग लेते हैं। विश्वविद्यालय के डीन ऑफ कॉलेज सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि सभी महाविद्यालय और विश्वविद्यालय उत्तर महानिदेशालय और यूजीसी के निर्देशों का पालन करते हैं। अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द ही इस बारे में कोई निर्णय लिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *