लखनऊ । उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने वाले अपना दल कमेरावादी को मंगलवार को बड़ा झटका लगा है। अपना दल (के) के प्रदेश अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। इनके साथ ही बहराइच से कांग्रेस के पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो की बहू ने भी भाजपा का दामन थामा है।

भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष भाजपा ज्वाइनिंग कमेटी के प्रमुख डा लक्ष्मीकांत बाजपेयी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने मंगलवार को अपना दल कमेरावादी के प्रदेश अध्यक्ष राजवन सिंह पटेल को लखनऊ में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता दी। इनके साथ पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की सुरक्षा में तैनात रहे बहराइच के कांग्रेस के पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो की पुत्रवधू प्रियंका किशोर ने भी आज भाजपा की सदस्यता ली। इनके साथ जनता पार्टी से विधायक रहे अशफाक तथा अन्य नेताओ राजेश तिवारी व शिखा मिश्र भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। इन सभी ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने का भी संकल्प लिया है।

बहुजन समाज पार्टी के देवरिया पथरदेवा से प्रत्याशी रहे सुनील राव, पूर्व मिस उत्तराखंड शिखा मिश्रा, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राजनारायण सिंह, बसपा के पूर्व पार्षद राजेश तिवारी राजू भैया, लोकदल के श्याम बिहारी यादव, बसपा के शरद पांडेय, सामाजिक कार्यकर्ता मीनू तिवारी व स्वामीदयाल गौड को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सदस्यता दिलाई।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की लहर दो चरणों में नजर आई है। भाजपा 300 से भी अधिक सीटें जीतकर उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार बनाएगी। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि दोनों चरणों में एकरफा वोटिंग भाजपा को हुई है।

इससे पहले सोमवार को उत्तर प्रदेश की बसपा सरकार में मंत्री रहे समाजवादी पार्टी के नेता अयोध्या प्रसाद पाल भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। फतेहपुर के अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक और बसपा सरकार में मंत्री रहे अयोध्या प्रसाद पाल के साथ सपा समर्थकों और कांग्रेसी नेताओं ने सोमवार को भाजपा की सदस्यता ली। फतेहपुर दौरे पर ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी और जिलाध्यक्ष आशीष मिश्र ने गैर दलों से नाता रखने वालों का स्वागत किया। इसमें बिंदकी के बड़े उद्योगपति/कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष मुदित मिश्रा के साथ भाजपाई हो गए। इसके अलावा कांग्रेस नेत्री साधना मिश्रा, पूर्व महासचिव पीयूष दीक्षित, वैभव द्विवेदी, अमित बाजपेयी ने भाजपा का दामन थामा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *