अलीगढ़ । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अलीगढ़ के साथ प्रदेश तथा देश को दो बड़े तोहफे दिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अलीगढ़ में दो घंटे के कार्यक्रम में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के साथ ही उत्तर प्रदेश डिफेंस कारिडोर के अलीगढ़ नोड की कार्य प्रगति की समीक्षा भी की। प्रधानमंत्री ने अपने 40 मिनट के संबोधन में युवाओं को प्रेरणा देने के साथ उनमें जोश भी भरा। प्रधानमंत्री आगरा एयरपोर्ट पर विशेष प्लेन से उतरने के बाद हेलीकॉप्टर से अलीगढ़ पहुंचे।
प्रधानमंत्री ने इस दौरान वहां पर मौजूद लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को नमन करने के साथ ही उनकी कमी को काफी महमूस किया। पीएम मोदी ने युवाओं को राजा महेन्द्र प्रताप सिंह से परिचित कराने के साथ ही अलीगढ़ की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्य की काफी प्रशंसा करने के साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बना तो बड़ी संख्या में निवेशक आने लगे। जिससे कि देश का गौरव बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने ओडीओपी के तहत तालों व हार्डवेयर को नई पहचान दिलाने का काम किया है। इससे उद्योगों व एसएमएसई को विशेष लाभ होगा, अगले कुछ सालों में 900 निवेश होगा। यूपी डिफेंस कारिडोर बड़े निवेश व रोजगार के बड़े अवसर लेकर आ रहा है यह तब होता है, जब निवेश के लिए जरूरी माहौल बनता है।
20वीं सदी की गलतियों को 21वीं सदी का भारत सुधार रहा
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अलीगढ़ व पश्चिमी यूपी के लिए बड़ा दिन है। आज राधाष्टमी है। हमारे संस्कार हैं, जब शुभ कार्य होता है तो अपने बड़े याद आते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं तो आज इस धरती के महान सपूत, स्वर्गीय कल्याण सिंह जी की अनुपस्थिति बहुत ज्यादा महसूस कर रहा हूं। आज कल्याण सिंह जी हमारे साथ होते तो राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस सेक्टर में बन रही अलीगढ़ की नई पहचान को देखकर बहुत खुश होते। राजा महेन्द्र प्रताप सिंह सिर्फ भारत की आजादी के लिए ही नहीं लड़े। उन्होंने भारत के भविष्य की नींव में भी सक्रिय योगदान दिया था। उन्होंने अपने देश-विदेश की यात्राओं से मिले अनुभवों का उपयोग भारत की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए किया। राजा महेन्द्र प्रताप ने वृंदावन में आधुनिक टेक्निकल कॉलेज को अपनी पैतृक संपत्ति को दान करके बनाया था। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए जमीन भी राजा महेन्द्र प्रताप सिंह ने ही दी थी। आज मां भारती के अमर सपूत के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण उन्हेंं सच्ची कार्याजंलि है। राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी के जीवन से हमें अदम्य इच्छाशक्ति, अपने सपनों को पूरा करने के लिए कुछ भी कर गुजरने वाली जीवटता सीखने को मिलती है। वह तो भारत की आजादी चाहते थे और अपने जीवन का एक-एक पल उन्होंने इसी के लिए समर्पित कर दिया था। उनकी गाथाओं को जानने से देश की कई पीढिय़ां वंचित रह गई। 20वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी का भारत सुधार रहा है। देश की आजादी के आंदोलन में कई महान व्यक्तित्वों ने अपना सबकुछ खपा दिया। यह देश का दुर्भाग्य रहा है कि आजादी के बाद ऐसे राष्ट्र नायक और नायिकाओं को अगली पीढ़ियों को परिचित ही नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेल देव हों, या फिर राजा महेन्द्र प्रताप सिंह हों। आज की पीढ़ी को इनसे परिचित कराने का ईमानदार प्रयास आज देश में हो रहा है। आज देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। ऐसी कोशिशों को और गति दी गई है। साथियों आज देश के हर युवा को जो बड़े सपने देख रहा है, उसे राजा के बारे में अवश्य पढ़ना चाहिए, जानना चाहिए। राजा की कुछ भी कर गुजरने की जीवटता हमें सीख देती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे विचार को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम को बधाई। यह विवि आधुनिक शिक्षा का एक बड़ा केंद्र तो बनेगा ही, इसके साथ ही देश में डिफेंस से जुड़ी पढ़ाई और डिफेंस मैन्युफेक्चरिंग से जुड़ी टेक्नालाजी व मैनपावर बनाने का सेंटर भी बनेगा। इस विवि मे पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को काफी लाभ मिलेगा।
कोई लक्ष्य कठिन लगे, कुछ मुश्किलें नजर आएं तो राजा महेन्द्र प्रताप सिंह को जरूर याद कर लेना
पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं से कहूंगा कि जब भी उन्हेंं कोई लक्ष्य कठिन लगे, कुछ मुश्किलें नजर आएं तो राजा महेन्द्र प्रताप सिंह को जरूर याद कर लेना। राजा जिस तरह एक लक्ष्य लेकर भारत की आजादी के लिए जुटे रहे, वह आज भी हम सबको प्रेरणा देता है। आज मैं राजा महेन्द्रप्रताप जैसे के नाम पर बन रही यूनिवर्सिटी का शिलान्यास कर रहा हूं। यह मेरा सौभाग्य है। साथियों, राजा महेन्द्र प्रताप सिंह भारत की आजादी के लिए ही नहीं लड़े, उन्होंने भारत के विकास की नींव में भी सक्रिय योगदान दिया। उन्होंने वृंदावन में आधुनिक टेक्निकल कालेज अपने संसाधन से बनवाया। एएमयू को बड़ी जमीन दी। आज 21 वीं सदी का भारत शिक्षा व कौशल के नए दौर की ओर बढ़ चला है, तब मां भारती के ऐसे अमर सपूत के नाम पर विवि का निर्माण हो रहा है।आज जब आपसे बात कर रहा हंं, तो मुझे एक और सेनानी गुजरात के सपूत श्याम जी का स्मरण हो रहा है। प्रथम विश्वयुद्ध के समय राजा श्याम जी व लाला हरदयाल से मिलने यूरोप गए। उसका परिणाम हमें अफगानिस्तान में भारत की पहली निर्वाचित सरकार के रूप मे देखने को मिला। जब मैं गुजरात का सीएंंम था, तो मुझे श्याम जी की अस्थियों को भारत लाने में सफलता मिली। उनके अस्थि कलश हमें मां भारती के लिए जीने की प्रेरणा देते हैं।
कल तक तो अलीगढ़ घर-दुकानों की रक्षा करता था, अब देश की रक्षा को तैयार
उन्होंने कहा कि अभी तक लोग अपने घर की, अपनी दुकान की सुरक्षा के लिए अलीगढ़ के भरोसे रहते थे। क्योंकि अलीगढ़ का ताला अगर लगा होता था, तो लोग निश्चिंत हो जाते थे। 55-60 साल पुरानी बात है, हम बच्चे थे। तो अलीगढ़ से ताले के सेल्समैन थे, वह हर तीन महीने में हमारे गांव आते थे। वह ताला रख जाते थे, तीन महीने बाद पेमेंट ले जाते थे। चार-छह दिन हमारे गांव में रुकते थे। जो पैसे वसूलकर लाते थे, वह मेरे पिता के पास रख जाते थे। गांव छोड़़कर जाते थे, वह पिताजी से ले जाते थे। हम तो सीतापुर व अलीगढ़ शहर सुनते थे। कल तक जो अलीगढ़ दुकानों की रक्षा करता था, अब 21 वीं सदी में देश की सीमाओं की रक्षा करने का काम करेगा। यहां ऐसे आयुध बनेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश ही नहीं, दुनिया भी देख रही है कि राइफल से लेकर लड़ाकू विमान, युद्धपोत यह सब भारत में ही बनाने का अभियान चल रहा है। भारत दुनिया के बड़े डिफेंस इंपोर्टर की छवि से बाहर निकलकर दुनिया में एक्सपोर्टर के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस बात के लिए उत्तर प्रदेश के सासंद के नाते मुझे गर्व है। डिफेंस कारिडोर के अलीगढ़ नोड में दर्जनों कंपनियों अब हथियार बनाने वाली है। यहां छोटे हथियार ड्रोन आदि बनाए जाएंगे। नए उद्योग लगाए जा रहे हैं। यह अलीगढ़ व आसपास के क्षेत्र को नई पहचान देगा।
उत्तर प्रदेश हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश और दुनिया के हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान बनता जा रहा है। यह तब होता है, जब निवेश के लिए जरूरी माहौल बनता है और जरूरी सुविधाएं मिलती हैं। आज उत्तर प्रदेश डबल इंजन सरकार के डबल लाभ का एक बहुत बड़ा उदाहरण बन रहा है।
उत्तर प्रदेश में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ व उनकी टीम सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के मंत्र लेकर प्रदेश को नई भूमिका के लिए तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि अब उनको पर्याप्त अवसर दिया जा रहा है, जिनको अभी तक इससे दूर रखा गया। उन्हेंं शिक्षा व सरकारी नौकरी में अवसर दिए जा रहे हैं। मुझे देखकर खुशी होती है, जिस उत्तर प्रदेश को देश के विकास में रुकावट के रूप में देखा जाता था। आज वहीं यूपी देश के विकास का नेतृत्व कर रहा है। 2017 से पहले गरीबों की हर योजना में यहां रोड़े अटकाए जाते थे। एक एक योजना को लागू करने के लिए केन्द्र से दर्जनों बार चिट्ठी लिखी जाती थी। उत्तर प्रदेश के लोग भूल नहीं सकते, पहले यहां किस तरह के घोटाले होते थे।। किस तरह राजकाज को भ्रष्टाचारियों के हवाले कर दिया था। आज योगी आदित्यनाथ सरकार पूरी ईमानदारी से विकास में जुटी है। एक दौर था, जब यहां शासन प्रशासन गुंडे और माफिया की मनमानी से चलता था।
अब वसूली करने वाले माफियाराज चलाने वाले सलाखों के पीछे हैं। सरकार में गरीब की सुनवाई भी है, गरीब का सम्मान भी है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी में सबको वैक्सीन मुफ्त वैक्सीन अभियान भी चल रहा है। यूपी में अब तक आठ करोड़ टीके लगे हैं। एक दिन में सबसे ज्यादा टीके लगानाा भी यूपी के नाम है। कोरोना में कोई भूखा नहीं रहे, इसके लिए गरीबों को मुफ्त अनाज दियाजा रहा है। जो काम दुनिया के बड़े बड़े देश नहीं कर पाए, वह भारत कर रहा है। हमारा यूपी कर रहा है।
चौधरी चरण के योगदान को भी सराहा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में बदलाव का रास्ता स्वयं चौधरी चरण सिंह ने दशकों पहले दिखाया है। जो रास्ता चौधरी साहब ने दिखाया है, उससे किसानों को कितना लाभ हुआ, यह हम सभी जानते हैं। इस क्षेत्र की चिंता चौधरी साहब को थी, छोटे किसान के पास दो हेक्टेअर से कम जमीन है। हमारे देश में छोटे किसानों की संख्या 80 फीसद से ज्यादा है। दस किसानों में आठ किसान ऐसे हैं, जिनके पास छोटा जमीन का टुकड़ा है। सरकार का निरंतर प्रयास है कि सभी छोटे किसानों का विकास किया जाए। अनेक फैसले देश के छोटे छोटे किसानों को सशक्त कर रहे हैं कोरोना के वक्त सरकार ने किसानों के खातो में सीधे रकम ट्रांसफर की है। मुझे इस बात की खुशी है, कि उत्तर प्रदेश में बीते चार वर्ष में एमएसपी पर नए रिकार्ड बने हैं। गन्ने के भुगतान की परेशानी को भी कम किया जारहा है। एक लाख चालीस करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया है। अब तो आने वाला साल यूपी के किसानों को नई संभावना खोलने वाला है। गन्ने का इथेनाल बनता है, इसे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राजा महेन्द्र प्रताप जैसे राष्ट्रनायकों की प्रेरणा से हम सब सफल हों,। मुझे आप सबके दर्शन का सौभाग्य मिला। इसके लिए शुभकामनाएं देताहूं। राजा महेंद्र प्रताप सिंह, अमर रहें-अमर रहें के नारे के साथ पीएम मोदी का संबोधन समाप्त हो गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया राजा महेन्द्र सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास
अलीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराजा महेन्द्रप्रताप सिंह विश्वविद्यालय का बटन दबाकर शिलान्यास किया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौज़ूद रहीं। विश्वविद्यालय पर बनाई गई फिल्म दिखााई गई।
