इटावा, एजेंसी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि सपा अपनी रणनीति के अनुसार काम कर रही है और आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में भारी मतों से जीतकर उत्तरप्रदेश में हर हाल में सरकार बनाएगी। रक्षाबंधन पर इटावा आए पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से वार्ता में यह दावा किया। इसके साथ ही बच्चों और महिला कार्यकर्ताओं से राखी बंधवाकर प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा का वादा किया।

लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता ने अब भारतीय जनता पार्टी को हराने का मन बना लिया है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने घोषणा पत्र के अनुरूप कोई कार्य नहीं किया है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। चुनाव तक सरकार सिर्फ विपक्षी दल के नेताओं के साथ बदनीयती की मंशा से काम करेगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव में हर किसी ने नतीजे देखे हैं, वहां जिस तरह जनता ने भारतीय जनता पार्टी को बुरी तरह पछाड़ा है ठीक वैसे ही उत्तर प्रदेश में भी जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश में अपनी रणनीति के अनुसार काम कर रही है। सपा की रणनीति भाजपा को सत्ता से उतारने की है, जिसमें वह हर हाल में कामयाब होगी। रक्षाबंधन पर जनपद आए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने पहुंची महिला कार्यकर्ताओं और बच्चों ने राखी बांधकर दीर्घायु की कामना की। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा का वचन का दिया और सभी कार्यकर्ताओं को त्योहार की बधाई दी। यहां पर इटावा सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष फुरकान अहमद आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *