बदायूँ शिखर सम्वाददाता

एटा :  उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चुनाव के पहले चरण में साइकिल पंक्चर हो गई। दूसरे चरण में पहिये खुल गए और यह सैफई पहुंच गई है। सपा नेताओं के हाथ रामभक्तों के खून से रंगे हुए हैं। यह नई नहीं, मुलायम सिंह यादव वाली ही पार्टी है, जो अब समाप्तवादी पार्टी होने जा रही है।

उपमुख्यमंत्री ने मंगलवार को एटा में सैनिक पड़ाव और अलीगंज में डीएवी कॉलेज के मैदान में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की कुंडली में भ्रष्टाचार लिखा है। इन्होंने रामभक्तों पर गोली चलवाई। यह गुंडों की जन्मदाता पार्टी है। लाल टोपी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी खतरे की घंटी है। जालीदार टोपी में गुंडे छुपे हुए हैं। उनको खोजने का कार्य भाजपा की सरकार ने किया है। भाजपा की सरकार में बिना भेदभाव सभी को योजनाओं का लाभ दिया गया।

‘पांच साल तो ट्रेलर था, पिक्चर अभी बाकी है’

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह पांच साल तो ट्रेलर था पिक्चर अभी बाकी है। 10 मार्च के बाद यह दिखेगी और बुलडोजर तेज रफ्तार से चलेगा। कब्जा की गई जमीनों को मुक्त कराया जाएगा। अखिलेश मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं जो 10 मार्च को टूट जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने राममंदिर के लिए कुर्सी न्योछावर कर दी। जिले से चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा को विजयी बनाना है। कमल के फूल पर ही लक्ष्मी की बैठकर आएंगी, साइकिल पर नहीं आती है। डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले लोग रोजा इफ्तार में जाते थे, अब मंदिर जाने लगे हैं। 10 मार्च के बाद वह जय श्रीराम भी बोलेंगे।

सभी सीटों पर जीती भाजपा : राजवीर

भाजपा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने कहा कि भीड़ देखकर लग रहा है कि भाजपा चारों सीटों पर आज ही जीत गई। प्रत्याशी अलीगंज सत्यपाल सिंह राठौर, एटा सदर विपिन डेविड वर्मा और मारहरा वीरेंद्र लोधी ने भी सभा को संबोधित किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *