कासगंज : कासगंज के पटियाली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में राशन की डबल डोज मिल रही है। 2017 से पहले नहीं मिल रहा था। सामने फायर स्टेशन बना हुआ है। यह भी डबल इंजन की सरकार ने भी बनवाया है। एटा का मेडिकल कॉलेज भी डबल इंजन की सरकार ने बनवाया है। अब यूपी में फिल्म सिटी भी बनने जा रही है। जिससे यहां के कलाकारों को फिल्मों में काम करने का मौका मिलेगा।

शुक्रवार को पटियाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले मुख्यमंत्री योगी ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पांच साल में बिना भेदभाव समाज के लोगों के हितों में काम किया। सपा के समय महिला सुरक्षा और महिला गरिमा तार-तार होती थी। भाजपा सरकार में महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति अभियान चल रहा है। प्रदेश के अंदर दो करोड़ 61 लाख गरीबों के घर में शौचालय का निर्माण हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने सोरों को तीर्थ स्थल बनाने का कार्य किया है। उसका समग्र विकास होगा जैसे अन्य तीर्थो का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकार कब्रिस्तान की दीवार बना रही थी, लेकिन भाजपा विकास कर रही है। योगी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय का स्मरण भी किया। कहा कि पंडित जी अंत्योदय के सपने को सरकार ने साकार किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *