लखनऊ, एजेंसी । उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में ‘अबकी बार साढ़े तीन सौ पार’ का लक्ष्य साधकर भारतीय जनता पार्टी अब सभी वर्गों को रिझाने में जुट गई है। भाजपा किसान मोर्चा की 11 और 12 सितंबर को चित्रकूट में हुई प्रदेश कार्य समिति की बैठक के बाद अब 18 सितंबर को लखनऊ में किसान कल्याण सम्मेलन का आयोजन होगा। इस दौरान भी विधानसभा क्षेत्रों से पचास-पचास किसान प्रतिनिधि बुलाए जाएंगे। सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी संबोधित करेंगे।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 18 सितंबर को लखनऊ के आशियाना स्थित स्मृति उपवन में किसान कल्याण सम्मेलन होगा। इसमें हर विधानसभा क्षेत्र से पचास-पचास किसान प्रतिनिधि बुलाए जाएंगे। किसान प्रतिनिधि सरकार की किसान हित की नीतियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करेंगे। कामेश्वर सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 71 वर्ष के हो रहे हैं। उस दिन किसान मोर्चा सभी जिला मुख्यालयों पर 71 किसान-जवानों को सम्मानित करेगा। अक्टूबर और नवंबर में विधानसभा स्तर पर किसान सम्मेलन करने की रूपरेखा भी बनाई जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *