कासगंज: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आपके वोट से सरकार नहीं, बल्कि प्रदेश की तकदीर लिखी जानी है, इसलिए सबका साथ सबका विकास का नारा लेकर चलने वाली भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को अपने क्षेत्र से चुनकर विधान सभा में भेजें। उन्होंने संबोधन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल बाबूजी कल्याण सिंह की याद दिलाते हुए कहा कि बाबूजी को जेल जाना मंजूर था, लेकिन कार सेवकों पर गोलियां नहीं चलवाईं।
केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह राजपूत के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए कासगंज पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर तय समय पर मेमडी पर स्थित एमआर डिग्री कालेज में उतरा, यहां से वह बांकनेर स्थित एसकेवी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने कमरे में प्रदेश सहप्रभारी संजीव चौरसिया, ब्रज प्रदेश अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, जिला प्रभारी हर्षवर्धन आर्य, जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी और प्रत्याशी देवेंद्र सिंह राजपूत के साथ मन्त्रणा की। इसके बाद मंच पर पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया। प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में चाहे किसी भी दल की सरकारें रहीं, सभी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। भाजपा सरकार पर कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। काफी हद तक भ्रष्टाचार रोकने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने स्वीकार किया था कि 100 पैसे भेजे जाते हैं तो 16 पैसे लोगों तक ही पहुंचते थे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी ने इसे समाप्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है। सभी से अपील की कि भाजपा के घोषणा पत्र को देख लें, सभी घोषणा पूरी की हैं। धारा 307 को हटाया। धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आने वालों को भारतीय नागरिकता दी। 26 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया। आप सबका समर्थन भाजपा को होना चाहिए। भाजपा इंसान और इंसानियत की राजनीति करती है। गुमराह कर जनता का वोट लेना नहीं चाहती। मजहब के आधार पर राजनीति नहीं करेंगे। सपा हो, बसपा हो यह समाज बांट कर राजनीति करना चाहते हैं। राम मंदिर भारत में नहीं तो कहां बनेगा, भाजपा ने इसे भी पूरा किया। काशी विश्वनाथ मंदिर भव्य स्वरूप में खड़ा है। भाजपा देश की विरासत को सुरक्षित रखते हुए विकास कर रही है। अपने पूर्वजों के आदर्शों से समझौता नहीं कर सकते।
इस दौरान मंचासीन प्रदेश सहप्रभारी संजीव चौरसिया, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, जिला प्रभारी हर्षवर्धन आर्य, जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, कासगंज विधान सभा प्रभारी राजीव अग्रवाल, सदर विधान सभा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह राजपूत, राजस्थान प्रवासी दामोदर अग्रवाल ने मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में कुमकुम वाष्र्णेय, गौरीशंकर शर्मा, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, डा. शशिलता चौहान, अनिल पुंढीर, नीरज शर्मा, राजवीर भल्ला, संजय सोलंकी, शिव कुमार भारद्वाज, सुरेश माहेश्वरी, अशोक सिसोदिया, रामनिवास राजपूत, महेंद्र सिंह बघेल, महेंद्र सिंह राना, डा. प्रदीप रघुनंदन, डा. बीडी राना, रानू वर्मा, डा. मनोज शर्मा, डा. खूब सिंह, प्रवेंद्र राना, शरद गुप्ता, मनीषा गुप्ता, बॉबी कश्यप, संजय पुंढीर,कवीरप्रताप सिंह,मिथलेश राना, विजय लक्ष्मी, अनीता उपाध्याय, डा. महेंद्रपाल सिंह पुंढीर, यशवीर सिंह राजपूत, कुलदीप प्रतिहार, सुनील पांडेय, अमित गुप्ता बाबा, जिला मीडिया प्रभारी केके सक्सेना, अभिषेक पुंढीर, समेत अन्य भाजपाई मौजूद रहे।