नई दिल्ली  : देश में चल रही वैक्सीनेशन ड्राइव को लेकर भाजपा ने सोमवार को अपील की कि इस पर राजनीति न करें। लेकिन, सरकार के मन की बात कहने आए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा का लहजा सियासत से ही भरा था। उन्होंने कहा कि जो केंद्र का है, वही राज्यों का है। इसे अलग अलग करने की छोटी राजनीति न करें।

भाजपा ने वैक्सीनेशन पर रखे ये 5 पॉइंट्स…

  1. संबित पात्रा ने कहा, “किसी तरह से भ्रम जाल में नहीं फंसना है, ये हमें ही करना है। वैक्सीनेशन ड्राइव पॉलिसी जो अपनाई गई है, उसे एक्सपर्ट ने बनाया है। ये बहुत अच्छी तरह से परिभाषित और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ बनाई गई है। इसमें WHO की गाइडलाइन को ध्यान में रखकर बनाया गया है। किसी ने अपने मन से वैक्सीनेशन ड्राइव नहीं बना दी है।’
  2. उन्होंने कहा, “पहले फेज में बुजुर्ग और फ्रंटलाइन वर्कर्स को, 45 साल के ऊपर और जिन्हें पहले से बीमारियां हैं, उनके लिए वैक्सीनेशन शुरू किया गया। ये प्रॉसेस सही चल रही थी। इसी बीच राजनीति का प्रवेश हो गया। कई मांगें रखी गईं। पहले ये कहा गया कि केंद्र के हाथ में है ये पॉलिसी। इसके बाद कहा गया कि राज्य सरकारों को भी फैसला लेने का अधिकार दिया जाए। इसके बाद इसे ओपन मार्केट पॉलिसी की भी बात कही गई।’
  3. पात्रा बोले, “केंद्र ने वैक्सीनेशन पॉलिसी को खोल दिया। इसके बाद भ्रम फैलाने की कोशिश की गई। राज्य और केंद्र के बीच राजनीति हो रही है। केंद्र कम में खरीद रही है और राज्य ज्यादा दाम में खरीद रही है। ऐसा नहीं होना चाहिए। जो ओपन मार्केट की डिमांड कर रहे थे, वो अब कह रहे हैं कि प्राइवेट पार्टनर क्यों आ रहे हैं।’
  4. भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “क्या केंद्र राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है? दाम में अंतर है?…. नहीं। 50 फीसदी केंद्र और 50 फीसदी राज्यों के पास है। केंद्र के पास जो 50% है, वो भी राज्यों के पास ही जाता है। जो मेरा है, वो तेरा है। केंद्र के कोटे से जो वैक्सीन आती है, वो भी राज्यों को मुफ्त दी जाती है। 45-60 से ऊपर डॉक्टर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स और गरीबों में मुफ्त लगती है। ये जो प्रोजेक्ट किया गया कि केंद्र और राज्य अलग है, ये गलत है।’
  5. उन्होंने मिसाल दी कि- मुझे दो डोज दिल्ली में लगे। ये केंद्र के कोटा का इंजेक्शन था, जो मुझे दिल्ली में लगा। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में जो वैक्सीन लग रही है, वो केंद्र का कोटा ही है। राज्यों और केंद्र को अलग-अलग देखना राजनीति के तहत किया जा रहा है। छोटी राजनीति ना करें, जो भी केंद्र का है, वो राज्यों का भी तो है।’

राहुल गांधी की मांग, मुफ्त में हो सभी का वैक्सीनेशन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश के हर नागरिक का वैक्सीनेशन फ्री करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश को भाजपा के सिस्टम से बचाने की जरूरत है। बातचीत बहुत हो चुकी, अब सभी के लिए मुफ्त वैक्सीन की व्यवस्था की जानी चाहिए। केंद्र सरकार ने 1 मई से उन सभी लोगों का वैक्सीनेशन शुरू करने का आदेश दिया है, जिनकी उम्र 18 साल से ज्यादा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *