बदायूँ शिखर सम्वाददाता

कटरा (शाहजहांपुर) : विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के स्‍टार प्रचारक पूरी ताकत से पार्टी प्रत्‍याशियों के समर्थन में जनसभा व जनसंपर्क कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शाहजहांपुर के कटरा पहुंचे। यहां उन्‍होंने कटरा विधायक व भाजपा प्रत्‍याशी वीर विक्रम सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।

अपना संबोधन शुरू करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब से खन्ना जी राजनीति में आए तब से मेरे करीबी मित्र हैं।खन्ना जी राजनीति में एक संत की भूमिका निभा रहे हैं। पूरे विश्व मे एक इतिहास बनाने जा रहे हैं। जितिन कांग्रेस में रहे लेकिन उन पर कभी कोई आरोप नहींं लगे। ऐसे कांग्रेस के इकलौते नेता हैं। जब जब कटरा आये है सबने मेरी झोली भर दी हैं। कोरोना प्रोटोकॉल को तोड़कर भीड़ भाजपा के कार्यक्रम में पहुंचती है। लोकतंत्र में मतदान सबसे बड़ा दान होता है। इस बार हम उत्तर प्रदेश का भाग्य लिखने जा रहे हैं। मेरी बात गलत हो तो कोई ताली न बजाए। हमने कभी जनता की आंख में धूल नही झोंकी।

रक्षामंत्री ने कहा कि कभी भाजपा के किसी मंत्री या विधायक पर भ्रष्टाचार के दाग नहीं लगे। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नही है। भारत का विभाजन नही होना चाहिये, पाकिस्तान में भारतीयों का उत्पीड़न होता है। हम नागरिकता कानून बनाएंगे ताकि पाकिस्तान, बंगलादेश से आने वालों को भी नागरिकता यहां मिले। पहलेे चारों धाम के दर्शन नहीं किए जा सकते थे। हमने सड़कों का जाल बिछाया है। आजादी को सुरक्षित रखना हम सब की जिम्मेदारी है। सपा, बसपा नफरत फैलाने का काम करती हैं। राजनीति इंसाफ और इंसानियत पर राजनीति होनी चाहिये। राजीव गांधी ने कहा था क्या करें 100 रूपये भेजते हैं लेकिन 15 पैसे ही खाते में योजनाओं के पहुंचते थे। 56 इंच के सीने ने यह भ्रष्टाचार को दूर करने का काम किया है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि कोरोना का संकट सभी ने देखा। अमेरिका जैसे देश आज भी जूझ रहे हैं लेकिन, भारत इस संकट से भी निकल रहा भारत की वैक्सीन विदेशो में भी पहुंच रही है।गरीबों के लिए विपक्ष के लोग कहते थे कि सरकार ने कुछ नहीं किया। लेकिन प्रधानमंत्री ने माह में दो बार खाद्यान्न देने का काम किया है। मुफ्त इलाज मिल रहा है, विश्व के किसी देश मे ऐसा नहीं हो रहा है। लेकिन विपक्ष को यह सब नहीं दिख रहा है।

उन्‍होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख बढ़ी है। आज भारत बोलता है तो पूरा विश्व कान खोल कर सुनता है, जबकि पहले ऐसा नहीं था। पुलवामा के हमले के बाद हमने पाकिस्तान में घुसकर मारा। हमने संदेश दिया कि हमे छेड़ो मत हम इस पार भी मार सकते है और उस पार भी। यहां कुछ हमारे सैनिकों के मरने पर खुशी होती है। कांग्रेस, सपा व बसपा को इसकी कड़ी सजा मिलनी चाहिए। जितिन जैसो ने इन्हें सबक भी सिखा दिया है। जहां देश की बात आये तो सभी को साथ खड़े होना चाहिये। उप्र को सशस्क्त बनाना चाहिए। अब गुंडे बदमाश जेल में आराम कर रहे हैं। हमारे मुख्‍यमंत्री माफ‍िया पर बुलडोजर चला रहे हैं। जब कानून का शासन होगा तब विकास भी होगा। संबोधन के अंत में उन्‍होंने कहा कि जहां प्रत्याशी सही नहीं होता है वहां प्रचार करने नहीं जाता हूं। आखिर मेरी भी कोई साख है। यहां के प्रत्याशी को जिता दीजिये। जय श्री राम के नारे के साथ संबोधन समाप्‍त किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *