मऊ, एजेंसी : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के 19वें स्थापना दिवस पर बुधवार को मऊ जिले के हलधरपुर के पास ढोलवन में महापंचायत का आयोजन किया। मंच पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक साथ मंच से गठबंधन की औपचारिक घोषणा की।

सरकार बनते ही माफ होगी बिजली

ओमप्रकाश राजभर ने महापंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि 2022 के होने वाले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को अपने साथ लाया हूं। सरकार बनते ही घरेलू बिजली पांच साल तक माफ करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर देश में किसी को झूठ का ताज देना हो तो उसके हकदार प्रधानमंत्री होंगे।

उन्होंने कहा कि सपा और सुभसपा की सरकार बनने के बाद गरीबों का इलाज मुफ्त होगा। अब सीएम योगी और पीएम मोदी की विदाई नजदीक आ चुकी है। उन्होंने कहा कि सबका साथ-सबका विकास का दावा करने वाली सरकार में आज पेट्रोल, सरसों का तेल, पेट्रोल, अरहर की दाल, सिलिंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। महंगाई कमर तोड़ रही है।

पुलिसकर्मियों को 18 घंटे ड्यूटी के बाद 8 घंटे की तनख्वाह दी जाती है- राजभर

वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकमिर्यो को इशारा करते हुए कहा कि सरकार अभी पुलिस कर्मचारियों से 18 घंटा ड्यूटी कराकर आठ घंटे की ही तनख्वाह दी जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद हफ्ते में एक दिन छुट्टी, वेतन विसंगति, बॉर्डर सीमा खत्म करके बगल के जिले में नियुक्त किया जाएगा।

दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अखिलेश यादव वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे। जहां, सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने स्वागत किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर वार्ता की। इसके बाद दोनों का हेलीकॉप्टर करीब एक बजे महापंचायत के पास में ही बने हैलीपेड पर उतरा। फिर एक साथ दोनों एक मंच पर पहुंचे और समर्थकों का अभिवादन किया।

महापंचायत में मौजूद हजारों की भीड़ ने झंडे और हाथ उठाकर दोनों नेताओं का अभिवादन किया। मंच पर कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। बड़ी संख्या में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। अखिलेश यादव तीन बजे वे यहां से आजमगढ़ चले जाएंगे और वहीं पर रात्रि विश्राम करने के बाद आगे जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *