सहारनपुर : सहारनपुर में गंगोह के पास पैठ मैदान में शनिवार को पहुंचे रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने रह-रहकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने नौजवानों किसानों मजदूरों सभी का आह्वान किया कि जातिवाद और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर मुल्क की तरक्की के लिए भाजपा सरकार को उखाड़ फेंके। उन्होंने लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर भाजपा की सरकार को नए अंग्रेजों की सरकार कहा। उन्होंने कहा कि अगर हमारी सरकार बनती है तो वह खोखला राष्ट्रवाद नहीं बल्कि तकनीक से जुड़ा होगा। हम एपीजे अब्दुल कलाम के सपनों को साकार करेंगे। हमारा राष्ट्रवाद नई तकनीक से जुड़ा होगा। यूपी में अब परिवर्तन का समय आ गया है।
किसानों को भी लुभाया
जयंत चौधरी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए किसानों को भी लुभाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार छह हजार सालाना किसानों को दे रही है। हमारी सरकार आई तो 12 हजार सालाना देंगे। प्रदेश के सभी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा लागू करेंगे। अभी कुछ ही स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा है। सभी सरकारी स्कूलों को इंग्लिश मीडियम बनाया जाएगा। क्योंकि हमारा नौजवान जब बाहर इंटरव्यू देने जाता है तो वह इंग्लिश में पिछड़ जाता है।
हाईकोर्ट बेंच पश्चिम में लाएंगे
गंगोह की रैली में राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि वह उनकी सरकार बनती है तो हाईकोर्ट बेंच पश्चिम उत्तर प्रदेश में लाई जाएगी। इसके लिए चाहे उन्हें कुछ भी करना पड़े।