लखनऊ  :  उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि एक तरफ तो सरकार वैक्सीन उत्सव मना रही है, वहीं दूसरी ओर आम लोगों को कुत्ते का टीका लगाया जा रहा है। जनता के साथ यह कैसा छल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन्हें महामारी के दौरान जनता के बीच होना चाहिए, वो स्टार प्रचारक बने दूसरे राज्यों में घूम रहे हैं।

अखिलेश ने शनिवार को पार्टी दफ्तर में मीडिया से यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि 2022 में यूपी का चुनाव देश का चुनाव होगा। बंगाल में देखने को मिल रहा है कि भाजपा किसी भी स्तर पर जाकर चुनाव लड़ती है। सपा ने हमेशा ही भाजपा से संघर्ष किया। जो भी पार्टी में शामिल होना चाहेगा वह हो सकता है।

अस्पतालों में वैक्सीन की जगह लग रहे कुत्तों के टीके

अखिलेश ने कहा कि इस महामारी ने हम सबको घेर लिया है। ऐसे चक्रव्यूह में फंसा दिया है कि कोई निकल नहीं पा रहा है। ऐसे काले दिन हमने और आपने कभी नहीं देखे होंगे। जो गरीब है उन्हें सबसे ज्यादा संकट है। जिन्हें इंतजाम करना चाहिए थे वह स्टार प्रचारक बन कर दूसरे प्रदेश में घूम रहे हैं।

अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में वैक्सीन खत्म हो गई है। अस्पतालों की हालत खराब है। कोरोना वैक्सीन की जगह कुत्तों की वैक्सीन लगा दी गयी। जब समय था तब इंतजाम नहीं किया। जिससे यूपी के गरीब और आम लोग परेशान हैं। हमें उम्मीद है कि यूपी की जनता आने वाले समय मे बदलाव की तरफ देखेगी।

बंगाल में भाजपा हार रही है चुनाव

पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा बंगाल में हार रही है। बंगाल की जनता एक बार फिर ममता बनर्जी को सीएम बनाएगी। हम भी अपील कर रहे हैं कि बंगाल की जनता भाजपा को हराये। भाजपा के पास महंगाई का जवाब नही है। कोरोना को रोकने का रोड मैप नहीं है। कृषि कानून पर किसानों के सवालों का जवाब नहीं है।

अखिलेश ने कहा कि क्या सरकार ये बताएगी कि शामली में वैक्सीन लगनी थी, लेकिन कुत्तों का इंजेक्शन लगा दिया। क्या जवाब है सरकार के पास? सरकार वैक्सीन उत्सव मना रही है। आज अस्पताल में बेड की जरूरत हो तो बेड नहीं है। दवा नहीं है। सरकार ने क्या तैयारी की है। मेडिकल इंस्ट्रूमेंट खरीदने में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है।

विधानसभा चुनाव में जनता सरकार को देगी जवाब

पूर्व सीएम ने कहा कि नौजवान तैयार हैं, किसान तैयार हैं। 2022 में यही जनता भाजपा को जवाब देगी। सपा और सपा के पुराने नेता राममनोहर लोहिया और अम्बेडकर साथ मिलकर काम करना चाहते थे, लेकिन वह परिस्थिति नहीं बनी। अम्बेडर दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। जिन्होंने गलत तरीके से इसे प्रचारित किया उसे भाजपा और कांग्रेस ने ट्रेंड कराया। भाजपा और कांग्रेस बताये की 14 अप्रैल को अम्बेडकर दिवस पर दिया जलाएंगे या नहीं।

कहा कि हमारी कोशिश होगी कि हम सभी दलों को लेकर चले। हम छोटे दलों से बात कर रहे हैं लोग जुड़ भी रहे हैं। हम लगातार लोगों को जोड़ने का काम करते रहेंगे। जिस प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो, मेडिकल सुविधा चौपट हो और दूसरे प्रदेश में वह प्रचार कर रहे हैं। इस सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *