टोक्यो, एजेंसी : टोक्यो ओलंपिक में छठे दिन भारत की शुरुआत खराब रही। भारतीय महिला हॉकी टीम को ब्रिटेन के हाथों 4-1 की हार का सामना करना पड़ा। जबकि बैडमिंटन में पीवी सिंधु ने धमाकेदार जीत दर्ज करते हुए हांगकांग की च्युंग एनगान यी को 2-0 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई। वहीं तीरंदाजी में प्रवीण जाधव ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए दुनिया के नंबर दो तीरंदाज रूस के गाल्सन को हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। लेकिन अंतिम 16 में उन्हें दुनिया के नंबर 1 तीरंदाज ब्रेडी एलिसन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। उधर दीपिका कुमारी अपनी शानदार खेल की बदौलत तीरंदाजी की महिला स्पर्धा में अंतिम 16 में जगह बनाने में कामयाब रहीं। राउंड ऑफ 32 में उन्होंने भूटान की कर्मा को 6-0 से हराया। अब बॉक्सर पूजा रानी पहली बार ओलंपिक रिंग में उतरेंगी।

सिंधु की जीत

भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक में बैडमिंटन स्पर्धा में भारत की  पदक जीतने की उम्मीदें बरकरार रखी हैं। आज उन्होंने हांगकांग की चीयूंग नगन यी को 2-0 सै हराकर अगले दौर में जगह बनाई। सिधु ने इस मुकाबले में चीयूंग नगन को 21-9, 21-16 से पटखनी दी।

ब्रिटेन से हारी भारतीय महिला हॉकी टीम

टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में ब्रिटेन की महिला हॉकी टीम ने भारत को 4-1 से मात दी। महिला टीम ने टोक्यो ओलंपिक में अब तक निराश किया है। भारतीय टीम को गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन सफलता नहीं मिली. भारतीय टीम की सबसे बड़ी नाकामी ये रही है कि वह पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील नहीं कर पाई। महिला हॉकी टीम की ओलंपिक में लगातार तीसरी हार है।

खत्म हुआ तीरंदाजी में तरुणदीप का सफर

भारत के तीरंदाजी तरुण दीप का सफर टोक्यो ओलंपिक में खत्म हो गया है। उन्हें राउंड ऑफ 32 मुकबले में हार मिली। उनका मुकाबला इस्राइलल के इटे शैनी से था। पहले सेट में वह 24 अंक हासिल कर पाए। वहीं 28 अंकों के साथ शैनी ने इस राउंड में जीत दर्ज की। दूसरे सेट में तरुणदीप ने 10-8-9 के साथ 27 अंक अर्जित किए। जबकि इस्राइल के खिलाड़ी ने 26 अंक हासिल किए और स्कोर 2-2 की बराबरी पर रहा। इसके बाद तीसरे सेट 27-27 से टाई रहा इसके अलावा स्कोर भी 3-3 की से बराबर हो गया। फिर चौथे सेट में तरुणदीप ने 28 अंक हासिल किए वहीं इटे शैनी 27 अंक अर्जित कर पाए। यह सेट तरुणदीप ने जीता लेकिन अगला राउंड शैनी जीतने में सफल रहे। शूट ऑफ मुकाबले में तरुणदीप ने 9 अंकों का स्कोर किया वहीं शैनी ने 10 का स्कोर कर यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।

रोइंग में निराशा

टोक्यो ओलंपिक में रोइंग की स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी है। इस इवेंट में भारत के पास पदक जीतने का मौका था लेकिन वह चूक गया। भारत की तरफ से रोइंग में चुनौती पेश कर रहे अर्जुन लाल और अरविंद पुरुष डबल स्कल्स के सेमीफाइनल ए/बी में हार गए और अंतिम स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में छह जोड़ियां हिस्सा ले रही थीं जिसमें टॉप तीन में रहने वाली फाइनल में पहुंची हैं।

एलिसन से हारे प्रवीण जाधव

भारत के स्टार निशानेबाज प्रवीण जाधव को टोक्यो ओलंपिक में पुरुषों की तीरंदाजी स्पर्धा में हार का सामना करना पड़ा। राउंड ऑफ 32 में कमाल का प्रदर्शन करने वाले जाधव को अंतिम 16 में दुनिया के नंबर 1 तीरंदाज अमेरिका के ब्रेडी एलिसन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। एलिसन ने जाधव को अंतिम 16 में 6-0 से मात दी। जाधव पहले सेट में 27, दूसरे सेट में 26 और तीसरे में 23 का स्कोर किया। जबकि एलिसन ने पहले सेट में 28, दूसरे में 27 और तीसरे में 26 का स्कोर किया। इससे पहले जाधव ने दुनिया के नंबर 2 तीरंदाज रूस के गाल्सन को हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई थी।

अंतिम 16 में पहुंची दीपिका

भारत की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी महिलाओं की तीरंदाजी स्पर्धा में अंतिम 16 में पहुंच गई हैं। उन्होंने राउंड ऑफ 32 में भूटान की कर्मा को 6-0 से शिकस्त दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *