संवाद सूत्र, मिरहची: –वर्ष में 40 से 50 हजार व्यक्तिगत खर्चे से स्कूल को सजाते संवारते हैं शिक्षक
–राज्य पुरस्कार को बी.एस.ए. भेजेंगे फाइल
प्राथमिक विद्यालय हजरत नगर विकास क्षेत्र मारहरा के प्रधानाध्यापक वेदप्रकाश कुशवाहा ने अपने व्यक्तिगत खर्चे एवं विद्यालय कंपोजिट ग्रांट की मदद से विद्यालय को चमका दिया है। विद्यालय निरीक्षण को आये बी.एस.ए. ने विद्यालय की स्थिति देखकर शिक्षकों की भूरि भूरि प्रशंसा की।
ब्लाक मारहरा के हजरत नगर गांव स्थित विद्यालय के प्रधानाध्यापक वेदप्रकाश कुशवाहा की कुशल देखभाल और रखरखाव के चलते प्राथमिक विद्यालय हजरत नगर जिले के नामी इंग्लिश मीडियम विद्यालयों की गिनती में सुमार है। विद्यालय निरीक्षण को आये बी.एस.ए. संजय सिंह विद्यालय की स्थिति देख असमंजस में आ गये और उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक वेदप्रकाश से इस बारे पूछतांछ की तो प्रधानाध्यापक ने बताया कि वह विद्यालय को सरकार से मिलने वाली कंपोजिट ग्रांट और स्वयं की जेब से धनराशि व्यय कर विद्यालय की देखरेख और रखरखाव के लिये व्यय करते हैं। प्रधानाध्यापक ने बी.एस.ए. को बताया कि वर्ष 2016 में उनकी तैनाती बतौर प्रधानाध्यापक हुई थी, तब स्कूल का आफिस, प्रांगण, खिड़की, दरवाजे और रैंप सभी टूटे हुये थे। विद्यालय में 64 नामांकन के सापेक्ष बच्चों की उपस्थिति भी कम रहती थी। शिक्षा का स्तर भी निम्न था। विद्यालय जर्जर हालत में मिला। तैनाती के पश्चात प्रधानाध्यापक ने विद्यालय के स्टाफ और विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक बुलाकर विद्यालय के स्तर को लेकर चर्चा की। सभी की सहमति से विद्यालय को सजाने संवारने के लिये योजना बनाई। महानिदेशक बेसिक शिक्षा विजय किरन आनंद के निर्देशानुसार कायाकल्प योजना के परिणाम स्वरूप आज विद्यालय की स्थिति पूर्व की भांति काफी सुदृढ़ है। विद्यालय की स्थिति और बेहतर शिक्षण कार्य को देख आसपास के गांवों नगला हरजू और हमीरगढ़ के बच्चों के अभिभावकों ने भी अपने बच्चों के नामांकन इस विद्यालय में करा रखे हैं। वर्तमान में विद्यालय में बच्चों की नामांकन भी 107 हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक बताते हैं कि उनको विद्यालय की आवश्यकतानुसार कोई निर्माण कार्य कराना हो तो वह ग्रांट में धनराशि न होने की स्थिति में स्वयं की जेब से व्यय कर विद्यालय का कार्य कराने से नहीं चूकते। विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक अवनीश, लोकेश लोधी, शिक्षामित्र ममता, भावना एवं विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष विजय बाबू के अथक और लगन से किये गये पौधों से आज विद्यालय प्रांगण फूलों की फुलवारी से लहलहा रहा है।
———
शिक्षकों के लिये प्रेरणा बन रहा कंपोजिट विद्यालय हजरत नगर
———
ब्लाक क्षेत्र मारहरा का प्राथमिक विद्यालय हजरत नगर आज शिक्षकों के लिये प्रेरणा बन गया है। ब्लाक क्षेत्र के अलावा अन्य ब्लाकों के शिक्षक भी विद्यालय में कराये गये कार्यों को देखकर प्रेरणा ले रहे हैं।
———-
राज्य पुरस्कार को भेजेंगे फाइल
———-
विद्यालय निरीक्षण को आये बी.एस.ए. संजय सिंह विद्यालय की स्थिति देख गदगद हो गये। उन्होंने प्रधानाध्यापक को राज्य पुरस्कार हेतु आवश्यक दस्तावेजों की फाइल तैयार कराकर भिजवाने के लिये निर्देश दिये।
फोटो कैप्सन–इंग्लिश मीडियम स्कूलों की तर्ज पर विकसित प्राथमिक विद्यालय हजरत नगर।
–विद्यालय के प्रधानाध्यापक वेदप्रकाश कुशवाहा।
–विद्यालय के निरीक्षण को पहुंचे बी.एस.ए. संजय सिंह।