संवाद सूत्र, मिरहची (एटा): प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा कस्बा के चौराहे से होकर गुजरी। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अपने नेता का माल्यार्पण कर शाल ओढ़ाकर स्वागत सम्मान किया।
स्वागत सम्मान से अभीभूत प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में बिना प्रसपा के सहयोग के कोई भी दल सरकार नहीं बना सकता। उन्होंने कहा कि प्रसपा के सहयोग से प्रदेश में सरकार बनी तो विकास की गंगा बहा दी जायेगी। साथ ही तमाम जनहित की कल्याणकारी योजनायें चलाई जायेंगी। उनकी सरकार में कोई गरीब और मजलूम भूखा नहीं सोयेगा। काफी देर से अपने प्रिय नेता के इंतजार में खड़े पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रसपा अध्यक्ष को फूल मालाओं से लाद दिया। स्वागत को खड़े पार्टी कार्यकर्ता काफिला गुजरने तक अपने नेता के सम्मान में नारेबाजी करते रहे। सैकड़ों वाहनों के काफिला गुजरने की वजह से कस्बा की सांस एकबार थम सी गई। स्थानीय पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद भी काफी देर तक कस्बे का चौराहा जाम रहा।