कासगंज: राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार पराविधिक स्वयंसेवकगण परियोजना 2012 के अन्तर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कासगंज मुख्यालय के लिये 45 एवं तहसील विधिक सेवा समिति कासगंज, सहावर व पटियाली के लिये 25-25 पराविधिक स्वयंसेवकगण का चयन होना है। पराविधिक स्वयंसेवकगण हेतु शिक्षक, सेवानिवृत कर्मचारी, चिकित्सक, वरिष्ठ नागरिक, विद्यार्थी जो कि अधिवक्ता के रूप में न हो, गैर राजनैतिक सेवादायी स्वयंसेवक संगठन, महिला मैत्री समूह या ऐसे अन्य संगठन जो कमजोर वर्ग के लोगों की सहायता करने के इच्छुक हैं।
अभय प्रताप सिंह अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कासगंज ने उक्त जानकारी देते हुये बताया कि आवेदक हाईस्कूल पास हो और आयु 18 वर्ष से कम न हो। आवेदन 27 अप्रैल 2023 को सांय 5 बजे तक कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कासगंज में रजिस्टर्ड डाक से या सीधे कार्यालय में जमा किये जा सकते हैं। आवेदनपत्र पर स्पष्ट लिखना है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कासगंज मुख्यालय स्तर या तहसील विधिक सेवा समिति कासगंज, सहावर या पटियाली पर काम करना चाहते हैं। पराविधिक स्वयंसेवक को किसी भी प्रकार का वेतन अनुमन्य नही है। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, द्वारा अनुमन्य मानदेय ही दिया जायेगा। पराविधिक स्वयंसेवक को प्राधिकरण का कर्मचारी या अधिकारी भी नही समझा जायेगा। आवेदनपत्र प्रारूप जनपद न्यायालय कासगंज की वेबसाइट या कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कासगंज से प्राप्त किये जा सकते हैं।
———–